नगर निगम ने बड़े बकाएदारों पर कसा शिकंजा, आई सी ए आर एन बी एफ जी आर को किया गया सील

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ के नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम द्वारा बड़े बकाएदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर निगम जोन–4 की टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी विभाग के विरुद्ध भी सीलिंग की कार्रवाई की है।

जोन–4 की टीम ने जोनल अधिकारी सुश्री शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में नेशनल ब्यूरो ऑफ फिश जेनेटिक रिसोर्स (एनबीएफजीआर) परिसर को सील कर दिया। इस संस्थान पर नगर निगम का कुल 1 करोड़ 36 लाख 65 हजार 932 रुपये का गृहकर का बकाया लंबे समय से चला आ रहा था। कई बार नोटिस और पत्राचार के बावजूद बकाया राशि जमा न किए जाने पर नगर निगम ने यह कठोर कदम उठाया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बकाया कर की वसूली को लेकर किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी, चाहे बकाएदार निजी हो या सरकारी विभाग। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राजस्व वसूली को प्राथमिकता दी जाए और बड़े बकाएदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम के कर अधीक्षक, कर निरीक्षक एवं अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों और संस्थानों से अपील की है कि वे समय से अपने करों का भुगतान करें और अनावश्यक कार्रवाई से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *