यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
लखनऊ : जिले में मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की ओर से विकसित भारत-जी राम जी योजना को लेकर वर्कशॉप का आयोजन किया गया. पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि योजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश की जो परिस्थिति है उसमें बहुत क्रांतिकारी बदलाव आने वाला है.उन्होंने कहा कि ‘जी राम जी’ एकदम अलग है. आखिरकार हम एक बेहतर कानून लेकर आए हैं, जिसमें भारत की ग्रामीण आबादी को जबरदस्त फायदा मिलेगा. साल के 125 दिन काम की गारंटी मिलेगी. सबसे अधिक फायदा उत्तर प्रदेश को होगा. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मनरेगा में 11 लाख करोड़ खर्च होने के बावजूद ग्रामीण विकास नहीं हो पाया. जहां रोजगार की कम जरूरत नहीं थी, वहां मनरेगा का रुपया जाता था. इस बार विकसित भारत के लिए जी राम जी का नया बिल लाया गया.
उन्होंने कहा कि 100 दिन की जगह अब 125 दिन रोजगार की गारंटी होगी. एक भी जगह ऐसी नहीं होगी जहां रुपयों का दुरुपयोग किया जाएगा. हर स्कीम को नीचे से ऊपर तक मॉनिटरिंग की जाएगी. एक भी रुपये की धांधली नहीं होगी. उन्होंने कहा कि पुराने कानून जिसको मनरेगा बोला जाता था, उसमें 11 लाख करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी हमारे ग्रामीण इलाकों में जो विकास होना चाहिये था वह नहीं हुआ.उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण जलापूर्ति का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा. जिसके जरिए भारत विकसित भारत में तब्दील होगा. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पिछले 11 साल में हम इस योजना को समाप्त करना चाहते थे, इसमें विलंब हुआ, मगर हमने इसको बदल दिया है.इस पत्रकार वार्ता में यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित और शहर मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे मौजूद रहे.