यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में हुए सड़क हादसे ने एक ही परिवार के सात लोगों को ण्क ही झटके में लील लिया. यह सड़क हादसा इंसान को भीतर तक झकझोर देने वाली त्रासदी है एक ही परिवार की सात महिलाओं की एक साथ मौत ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है. यह हादसा इतना भयावह था कि जिसने भी घटनास्थल देखा, उसकी आंखें भर आईं और दिल कांप उठा. यह दर्दनाक दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर हरसावा गांव के पास हुई.
तेज रफ्तार कार पहले एक पिकअप वाहन से टकराई और फिर सामने से आ रहे ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से पिचक गई और उसमें सवार महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हादसे में सास, उनकी पांच बहुएं और बेटी ने मौके पर ही या इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।. कार चालक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है.
मृतक सभी महिलाएं फतेहपुर सदर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव निवासी एक ही परिवार की थीं. परिवार हाल ही में लक्ष्मणगढ़ गया था, जहां बुजुर्ग महिला मोहिनी देवी की ननद कैलाश देवी का निधन हुआ था. अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद शाम करीब चार बजे परिवार गांव लौट रहा था. कुल चार वाहन साथ-साथ चल रहे थे. तीन गाड़ियों में पुरुष सदस्य थे, जबकि एक कार में महिलाएं और चालक सवार थे. किसी को भी अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा