यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
बक्सर: जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को पारिवारिक विवाद एक भीषण त्रासदी में बदल गया. घरेलू तनाव से मानसिक रूप से टूट चुकी एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ कीटनाशक पी लिया. इस दर्दनाक घटना में इलाज के दौरान एक तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि महिला और दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है.
पति की मौत के बाद देवर से की थी शादी: मिली जानकारी के अनुसार महिला के पति की 5 साल पहले मौत हो गई थी. इसके बाद परिवार और समाज के दबाव में उसने अपने देवर से दूसरी शादी की थी. महिला के तीन बच्चे हैं. पहला बेटा पहले पति से है, जबकि एक बेटा और एक बेटी दूसरे पति से हैं.
तीन मासूम समेत महिला ने खाया जहर: घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. आनन-फानन में महिला और बच्चों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी की हालत नाजुक देखते हुए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
तीन साल के बेटे की मौत: सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तीन वर्षीय बेटे ने दम तोड़ दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
पटना रेफर: घटना में जहर पीने वाली महिला की उम्र 25 साल है. उसके दो अन्य बच्चों में से बेटे की उम्र 6 साल और बेटी की उम्र डेढ़ साल है. तीनों की हालत भी गंभीर बनी हुई है. डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए महिला और दोनों बच्चों को पटना रेफर कर दिया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं.
मकर संक्रांति पर गांव आया था पति: दूसरे पति ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर फैक्ट्री में मजदूरी करता है और मकर संक्रांति के मौके पर ही गांव आया था. उसके अनुसार, पत्नी काफी समय से मानसिक तनाव में थी.
“पारिवारिक कलह के कारण वह भीतर ही भीतर टूट चुकी थी. घटना से एक दिन पहले भी पत्नी ने जहर खाने का प्रयास किया था, जिसकी सूचना 112 नंबर पर दी गई थी. पुलिस मौके पर पहुंची थी और समझाने के बाद मामला शांत करा दी थी.”- महिला का पति
सास-बहू में होता था किचकिच: पति के मुताबिक, घर में उसकी पत्नी और उसकी मां के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. पत्नी अलग खाना बनाकर रहती थी, जबकि वह चाहता था कि पत्नी उसकी मां के साथ मिलजुल कर रहे. इसी बात को लेकर घर में तनाव बना रहता था. इसी पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव के चलते महिला ने खेतों में छिड़काव के लिए इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक पहले खुद और फिर तीनों मासूम बच्चों को पिला दिया.
हर बिंदु की पुलिस कर रही जांच: घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई. थाना प्रभारी निवास कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
“इलाज के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यह भी जांच की जाएगी कि महिला ने कीटनाशक कहां से और किन परिस्थितियों में प्राप्त किया.”- निवास कुमार,थाना प्रभारी
गांव में मातम: इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. हर आंख नम है और हर कोई इस सवाल से जूझ रहा है कि आखिर पारिवारिक कलह और सामाजिक दबाव किस तरह एक मासूम की जान ले सकता है. यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है कि घरेलू विवाद और मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज करने के क्या भयावह परिणाम हो सकते हैं.