यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न यातायात अवरोधों पर सख्ती दिखाते हुए सोमवार को व्यापक एवं बहुस्तरीय प्रवर्तन अभियान चलाया। यह अभियान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर संचालित किया गया। कार्रवाई का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, चौराहों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
नगर निगम के जोन-1 क्षेत्र अंतर्गत जोनल अधिकारी श्री ओ.पी. सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन विभाग (296) एवं ईटीएफ टीम द्वारा बासमंडी चौराहे से लालकुआं पुल के नीचे होते हुए राणा प्रताप चौराहा, हुसैनगंज, कालीदास मार्ग से 1090 चौराहे तक सघन अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी 22 गाड़ियों पर जैमर लगाए गए तथा 33,000 रुपये का जुर्माना वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराया गया।
इसी क्रम में जोन-6 क्षेत्र में भी प्रभावी कार्रवाई की गई। वार्ड माननीय लालजी टंडन में प्राप्त शिकायत के आधार पर प्रेरणा स्थल चौराहे एवं पार्क के आसपास निरीक्षण किया गया। दुबग्गा चौराहे से एचडीएफसी बैंक तक अवैध रूप से किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाते हुए 15 ठेले, 3 मुर्गा जालियां एवं 20 अस्थायी दुकानें हटवाई गईं। इसके साथ ही 2 प्लास्टिक कुर्सियां और 1 लकड़ी का तख्त जब्त किया गया। अभियान के दौरान जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव, कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव एवं प्रवर्तन टीम उपस्थित रही।
अतिक्रमणकारियों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।