गौरक्षा, हिंदू जागरूकता पदयात्रा एवं विराट हिंदू सम्मेलन सम्पन्न

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

सह संपादक कपिल गुप्ता

शिवगढ़ (रायबरेली)। भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित कराने एवं गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को शिवगढ़ क्षेत्र में गौरक्षा एवं हिंदू सनातन धर्म जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा शिवगढ़ भाजपा मण्डल अध्यक्ष अवधेश त्रिवेदी एवं अभिषेक ठाकुर के नेतृत्व में हिंदुत्ववादी संगठनों एवं सनातनियों के संयुक्त तत्वावधान में कुम्भी बॉर्डर से शिवगढ़ कस्बे तक पदयात्रा निकली गई। इस विशाल पदयात्रा का समापन शिवगढ़ कस्बे में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन के साथ हुआ।
यात्रा में प्रसिद्ध कथा व्यास पं. अंकुल जी महाराज, डॉ. प्रकाश, गौरव राजपूत चंबल, रितिका शर्मा, अक्कू पंडित, शिवम गौड़, युधिष्ठिर राणा, दक्ष चौधरी, आकाश सिसोदिया सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु व हिंदू युवा शामिल रहे। भारत माता के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
पदयात्रा कुम्भी बॉर्डर से प्रारंभ होकर भवानीगढ़ चौराहे पर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पदयात्रा शिवगढ़ कस्बे में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन स्थल पर पहुंची। सम्मेलन में वक्ताओं ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए हिंदू समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि जातिवाद से ऊपर उठकर सभी हिंदुओं को संगठित होना होगा और अपनी संख्या एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि समाज समय रहते जागरूक नहीं हुआ तो भविष्य में गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। वक्ताओं ने बहन-बेटियों की सुरक्षा पर भी जोर देते हुए समाज विरोधी तत्वों को कड़ी चेतावनी दी।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जी.बी. सिंह, नंद किशोर तिवारी, अजय पांडेय, आलोक त्रिवेदी, धर्मेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, लखनऊ, प्रतापगढ़, झांसी समेत कई जनपदों से आए हिंदू युवाओं की सहभागिता रही। आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *