अलीगंज क्षेत्र में दो दिन बाधित रहेगी पेयजल आपूर्ति, नागरिकों से जल भंडारण की अपील

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: अलीगंज क्षेत्र के नागरिकों को आगामी दो दिनों तक पेयजल आपूर्ति में अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। नगर निगम के जोन-3 के अंतर्गत सेक्टर-बी अलीगंज में नवनिर्मित शिरोपरि जलाशय (ओवरहेड टैंक) के अंतः संयोजन (इंटरकनेक्शन) का कार्य दिनांक 27 जनवरी 2026 एवं 28 जनवरी 2026 को प्रस्तावित है। इस तकनीकी कार्य के कारण जोन-3 के अंतर्गत आने वाले अलीगंज क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

जलकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह कार्य भविष्य में क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुचारू और अधिक दबाव के साथ स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। शिरोपरि जलाशय के अंतः संयोजन के बाद जल वितरण प्रणाली अधिक प्रभावी होगी तथा जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं में स्थायी सुधार आने की संभावना है। हालांकि, कार्य के दौरान अस्थायी रूप से जलापूर्ति रोकी जाना तकनीकी दृष्टि से आवश्यक है।

निगम प्रशासन द्वारा सम्मानित नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए पूर्व से ही पर्याप्त मात्रा में पेयजल का भंडारण कर लें। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, बीमार व्यक्तियों एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े परिवारों को अतिरिक्त सावधानी बरतने का अनुरोध किया गया है।

वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में नगर निगम द्वारा पेयजल टैंकरों से जलापूर्ति की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिन नागरिकों को आपात स्थिति में जल टैंकर की आवश्यकता होगी, वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए श्री अरूण कुमार सिंह (पी.एस.एस.) मोबाइल नंबर – 8177054122 तथा श्री अशुतोष कुमार (अवर अभियंता) मोबाइल नंबर – 7052243530 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *