यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम लखनऊ द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर तथा जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री मनोज यादव के निर्देशानुसार जोन-03 क्षेत्र के अंतर्गत एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्य मार्ग टेढ़ी पुलिया से चार नम्बर चौराहा होते हुए कुर्सी रोड तक संचालित किया गया, जिसमें पॉलीथीन के उपयोग एवं सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान का उद्देश्य न केवल नियमों का पालन कराना था, बल्कि आम नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर की भावना के प्रति जागरूक करना भी था। अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकानों, ठेलों, प्रतिष्ठानों एवं राहगीरों द्वारा किए जा रहे अवैध कार्यों पर बारीकी से निरीक्षण किया गया।
कार्रवाई के दौरान गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कुल 08 चालान किए गए, जिनके माध्यम से ₹5,700 का जुर्माना वसूला गया। वहीं पॉलीथीन पाए जाने के मामलों में कुल 14 चालान किए गए, जिनसे ₹16,500 का शमन शुल्क वसूल किया गया। इस प्रकार कुल 22 चालानों के माध्यम से ₹22,200 की धनराशि वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई।
अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार गौतम, श्री पुष्कर सिंह पटेल, श्री सुमित मिश्रा, श्रीमती अंकाक्षा गोस्वामी, क्षेत्रीय सुपरवाइजर तथा प्रवर्तन दल (296) के कार्मिकों की संयुक्त टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही। टीम ने न केवल चालान की कार्रवाई की, बल्कि दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों को पॉलीथीन के दुष्प्रभावों और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक भी किया।