यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: नगर निगम ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण, यातायात अवरोध और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जों को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 को एक व्यापक और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह अभियान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर संचालित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों, फुटपाथों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना रहा। नगर निगम के विभिन्न जोनों में एक साथ कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर अवैध दुकानों, ठेलों, गुमटियों, अस्थायी निर्माणों एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए।
जोन-1 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री ओपी सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन विभाग एवं ईटीएफ टीम (296) द्वारा हजरतगंज, शहीद स्मारक, कैम्प कार्यालय वालाकदर, नावेल्टी चौराहा, नूर मंजिल, स्मार्ट सिटी क्षेत्र से होते हुए नगर निगम मुख्यालय तक सघन अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इस दौरान एक ट्रक सामान जब्त किया गया, 10 चार पहिया वाहनों पर जैमर लगाया गया, 8 वाहनों से 12,000 रुपये जुर्माना वसूला गया तथा कई वाहनों को टो कर हटाया गया।
जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश में 296 टीम द्वारा टेढ़ी पुलिया से 4 नंबर चौराहा होते हुए माननीय पार्षद कार्यालय तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 20 फल की दुकानें और 50 सब्जी ठेले हटाए गए, साथ ही 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जोन-6 में जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव के नेतृत्व में वार्ड कन्हैया माधौवपुर एवं हैदरगंज द्वितीय क्षेत्र में आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण के अंतर्गत दुबग्गा चौराहा स्थित ओला बाइक शोरूम के पास से लेकर बुद्धेश्वर चौराहे तक व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 40 ठेले, 5 काउंटर, 20 गुमटियां, 50 अस्थायी दुकानें हटवाई गईं, साथ ही कुर्सियां, टेबल, कैरेट आदि सामान जब्त किया गया। इस दौरान 2,300 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया तथा अतिक्रमणकारियों को भविष्य में पुनः कब्जा न करने की चेतावनी दी गई। इस कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश कुमार, क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक श्री आरसी यादव, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव एवं 296 टीम उपस्थित रही।
वहीं जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में पॉलिटेक्निक से कमता तिराहे तक नाली, नालों और सड़कों के दोनों ओर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान ठेलियां, गुमटियां, काउंटर, कुर्सियां, तराजू एवं अन्य सामान जब्त व हटाया गया। कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम एवं 296 टीम की सक्रिय भागीदारी रही।