यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
बक्सर : बिहार के बक्सर में उस समय हड़कंप मच गया, जब 18 वर्षीय युवती का शव बोरे में बंद अवस्था में बरामद किया गया. मामला डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत चक्की थाना क्षेत्र के चुन्नी डेरा चक्की गांव का है. शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.
अप्रैल महीने में होनी थी शादी : मृतका की पहचान कर ली गई है. उसकी उम्र 18 वर्ष थी. बताया जा रहा है कि युवती की शादी आगामी अप्रैल माह में तय थी. घर में शादी की तैयारियां भी चल रही थीं. लेकिन इसी बीच उसका इस तरह शव मिलने से हर कोई हैरान है.
स्कूल के पीछे से बरामद हुआ शव : जानकारी के अनुसार, युवती कुछ दिनों से लापता थी और परिजनों ने एक दिन पहले ही चक्की थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. ग्रामीणों के अनुसार, गांव के बीचो-बीच स्थित सरकारी विद्यालय के ठीक पीछे एक गड्ढे में बोरे में बंद शव पड़ा हुआ था.
”शव से उठ रही दुर्गंध के कारण स्कूल के शिक्षकों को शक हुआ. जब हमलोग पास जाकर देखने लगे तो एक बोरा नजर आया. बोरे को बाहर निकालने के दौरान वह फट गया और भीतर से युवती का शव दिखाई दिया. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.”- स्थानीय
घटना स्थल पर पहुंचे वरीय अधिकारी : सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ, स्थानीय थाना की पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है.
प्रेम प्रसंग और ऑनर किलिंग की आशंका : स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस बात को लेकर परिजन नाराज बताए जा रहे थे. ऐसे में युवती की मौत को लेकर ऑनर किलिंग की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगा.
”शव करीब चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जबकि गुमशुदगी की रिपोर्ट एक दिन पहले दर्ज कराई गई है. इससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि युवती की हत्या की गई है या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हुई है. यह भी जांच का विषय है कि मौत से पहले उसके साथ कोई अनहोनी हुई थी या नहीं.”- शुभम आर्य, एसपी, बक्सर
वहीं चक्की थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस मृतका परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है. इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है. लोग निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग कर रहे हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और सभी की नजरें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत का पर्दाफाश हो सके.