डॉ राजेश्वर सिंह व संजय दत्त का ऐतिहासिक रोड शो, पर्यावरण संरक्षण और यूथ एम्पावरमेंट का संदेश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

डॉ राजेश्वर सिंह व संजय दत्त के नेतृत्व में छह आयामों में शुरू हुई हरित क्रांति, स्कूल्स से इंडस्ट्री और विलेजेस तक विस्तारित पहल

लखनऊ सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के बंगला बाज़ार में आज ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान का भव्य शुभारंभ जनसैलाब के बीच सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात अभिनेता संजय दत्त उपस्थित रहे। विधायक डॉ राजेश्वर सिंह के साथ आयोजित रोड शो में 20,000 से अधिक नागरिकों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

फिल्म अभिनेता संजय दत्त रविवार को लखनऊ पहुंचे। सरोजनी नगर विधायक डॉ राजेश्वर सिंह के बुलावे पर वे इस कार्यक्रम में शामिल होने आए। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए उन्होंने लगभग 1 किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसमें हजारों लोग उनके साथ कदम से कदम मिलाते चले।

इस अवसर पर विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा,
“मेरे लिए दो मुद्दे अत्यंत भावनात्मक हैं — एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन और यूथ एम्पावरमेंट। सरोजनी नगर मेरा परिवार है और इसे मुझे मॉडल विधानसभा बनाना है।”

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं 20,000 से अधिक नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से ही यह अभियान जनआंदोलन बनेगा।

युवाओं को संबोधित करते हुए संजय दत्त ने अपने विशिष्ट मुंबइया अंदाज में कहा—
“ओए मामू, बात सुन। जित्ते भी मामू यहां खड़ेला हैं न? सब बात सुनने का। जिंदगी में तीन काम करने का। एक- पौधा लगाने का। दूसरा- पानी बचाने का, क्योंकि जल सोना है! तीसरा- वोटर बनो, वोट डालो। और एक बात और — नशा मत करना। अगर ये नहीं किया तो.. नहीं किया तो खुद की वॉट लगाने का।”

उन्होंने स्वयं को परदे का स्टार बताते हुए विधायक डॉ राजेश्वर सिंह को वास्तविक जीवन का सुपरस्टार बताया और कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले जनप्रतिनिधि ही सच्चे नायक होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। यह अभियान छह प्रमुख आयामों — नेट ज़ीरो स्कूल्स एंड कॉलेजेस, नेट ज़ीरो सोसाइटीज़ एंड आरडब्ल्यूएज़, नेट ज़ीरो टाउनशिप्स, नेट ज़ीरो इंडस्ट्री, नेट ज़ीरो विलेजेस एंड सरोवर्स तथा नेट ज़ीरो न्यू पॉलिसी सजेशन एंड इम्प्लीमेंटेशन — के माध्यम से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प है।

इस अवसर पर कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विधायक डॉ राजेश्वर सिंह की 17 वर्षीय पुत्री राजलक्ष्मी सिंह रहीं। राजलक्ष्मी सिंह ने संजय दत्त का मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया तथा पर्यावरण विषय पर गहन चिंताओं को व्यक्त करते हुए प्रभावशाली भाषण दिया। अपने संबोधन में उन्होंने संदेश दिया कि “एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन की दिशा में वास्तविक बदलाव तभी संभव है जब हम पहले स्वयं में बदलाव लाएं।”

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री सुनील चौधरी (प्रिंसिपल चीफ कंज़र्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स), डॉ उत्कर्ष शुक्ला (डिप्टी डायरेक्टर, लखनऊ जू) एवं डॉ पूजा सिंह (प्रेसिडेंट, आरडब्ल्यूए भगीरथी एन्क्लेव) को ‘एनवायरनमेंट वॉरियर्स’ सम्मान प्रदान किया गया।

19 फरवरी को आयोजित एनवायरनमेंटल अवेयरनेस क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000 बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी की छात्रा दीपिका मिश्रा एवं छात्र सौरभ वर्मा को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार ₹50,000 मॉडर्न कॉलेज ऑफ एजुकेशन के वर्चस्व तिवारी, दिव्या पांडेय एवं दीपक विश्वकर्मा को दिया गया। तृतीय पुरस्कार ₹25,000 स्वामी विवेकानंद महिला महाविद्यालय की आशा तिवारी, माही यादव एवं ताशु यादव को प्रदान किया गया।

युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से डेमोक्रेसी चैंपियंस की घोषणा की गई। रामा शंकर त्रिपाठी, मणिक सिंह, बीबी तिवारी, कृपा शंकर शुक्ला, निखिल शर्मा, राजेश त्रिपाठी, के.एन. सिंह, शिविता गोयल, आनंद जोशी, अरुण मिश्रा, प्रदीप मिश्रा, नेहा सिंह, नीता मल्होत्रा, नाहर सिंह चौहान, अनुराग गुप्ता, कौस्तुभ रस्तोगी, रईस अहमद, देव भाटिया तथा शिवम पांडेय को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम ने सरोजनीनगर में पर्यावरण संरक्षण, युवा सहभागिता और लोकतांत्रिक चेतना के एक नए युग की शुरुआत का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *