यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ पद्मश्री डॉ० एस०सी० राय पार्क (ई-पार्क) में लखनऊ नगर निगम द्वारा आयोजित 22वीं पुष्प प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता–2026 का समापन रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने विजेताओं को सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि इस प्रदर्शनी में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रकृति प्रेम का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, कार्यकारिणी सदस्य श्री अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’, श्रीमती गौरी सांवरिया, पार्षद श्री मुकेश सिंह चौहान, पार्षद प्रतिनिधि श्री सुनील शंखधर, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, वरिष्ठ समाजसेवी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह, उद्यान प्रभारी श्री नंद किशोर, उद्यान अधीक्षक श्री गंगा राम गौतम, श्री शशिकांत शशि, मंच संचालिका श्रीमती शालिनी अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन, नगर निगम की टीम और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में विजेताओं की घोषणा की गई। सदाबहार पत्तियों वाले गमलों में संस्थागत वर्ग में उद्यान भवन, सप्रू मार्ग को विजेता घोषित किया गया, जबकि व्यक्तिगत वर्ग में श्री विश्व नारायण श्रीवास्तव (छोटा चौंदगंज) को सम्मानित किया गया। जाड़े के मौसमी फूलों में संस्थागत वर्ग में उद्यान भवन तथा व्यक्तिगत वर्ग में श्री रमेश कुमार (आईआईएम रोड) को पुरस्कार मिला।
फूलों के कलात्मक समूह में श्री रमेश कुमार को विजेता घोषित किया गया। सिनरेरिया सज्जा वर्ग में अधीक्षक, राजकीय उद्यान, आलमबाग को सम्मानित किया गया। बोगेनविलिया वर्ग में निदेशक, सीमैप लखनऊ को पुरस्कार प्रदान किया गया।
गुलाब (कट फ्लावर) संस्थागत वर्ग में राजकीय उद्यान, आलमबाग तथा व्यक्तिगत वर्ग में हर्षिमा कुमारी को सम्मानित किया गया। गमलों में लगे गुलाब वर्ग में निदेशक, सीएसआईआर-सीमैप लखनऊ विजेता रहे।
डहेलिया वर्ग में संस्थागत श्रेणी में श्री राघवेन्द्र यादव (वृंदावन योजना) तथा व्यक्तिगत वर्ग में श्रीमती प्रियंका श्रीवास्तव (अलीगंज) को सम्मानित किया गया। डहेलिया कट फ्लावर वर्ग में श्री रामचंद्र (संजय गांधी पुरम) विजेता रहे।
शादी मंडप सज्जा वर्ग में मेसर्स अंशु इंटरप्राइजेज को पुरस्कार प्रदान किया गया। सक्यूलेंट एवं बोनसाई वर्ग में श्री सचिन यादव (रतन खंड) को सम्मानित किया गया। वर्टिकल वॉल सज्जा में श्री अरुण कुमार (गोमती नगर) विजेता रहे।
सजीव पौधों से बनी आकृतियों के वर्ग व्यक्तिगत पुरस्कारों में श्री विश्व नारायण श्रीवास्तव को पुरस्कार प्रदान किया गया। शाक-भाजी वर्ग में श्री पंकज कुमार कश्यप (फैजुल्लागंज) विजेता रहे। निर्यात योग्य प्रमुख पुष्प वर्ग में भी श्री विश्व नारायण श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।
समस्त 24 वर्गों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर श्री विश्व नारायण श्रीवास्तव (छोटा चौंदगंज) को विशेष रूप से 2100 रुपये की नगद राशि एवं विनर कप प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में माननीय महापौर जी ने सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए शहर को और अधिक हरित, स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।