नगर निगम का सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान, कई जोनों में कार्रवाई, अस्थायी दुकानें व ठेले हटाए गए

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को सघन और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना है।

*जोन-3 में आईआईएम चौराहे से आईआईएम स्कूल तक कार्रवाई*

जोन-3 के जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश में 296 टीम के साथ आईआईएम चौराहे से आईआईएम स्कूल तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगी लगभग 12 सब्जी की दुकानें, 2 पंचर की दुकानें और 2 पान की गुमटियां हटाई गईं।

कार्रवाई के दौरान 20 प्लास्टिक कैरेट, एक बड़ा गैस सिलेंडर, 2 गैस भट्टी और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित अन्य सामान जब्त किया गया। अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी भी दी।

*जोन-6 में भवानीगंज और न्यू नक्खस मार्केट में अभियान*

जोन-6 के जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव के नेतृत्व में वार्ड भवानीगंज क्षेत्र में पहलवान पान वाले के पास तथा न्यू नक्खस मार्केट स्थित मिनी ट्यूबवेल पार्क के आसपास अवैध अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया।

इस दौरान 20 ठेले और 14 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि दोबारा कब्जा न किया जाए। इस अभियान में कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव और 296 टीम के सदस्य मौजूद रहे।

*जोन-7 में मुंशीपुलिया से खलीफा चौराहे तक कार्रवाई*

जोन-7 के जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में 23 फरवरी 2026 को मुंशीपुलिया चौराहे से खलीफा चौराहे तक नाली, नाले और सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान एक लोहे का काउंटर, तीन अन्य लोहे के काउंटर, एक ठेलिया और एक लोहे की गुमटी जब्त की गई। इसके अलावा चार काउंटर, तीन ठेले, दो ठेलियां और पांच गुमटियां मौके से हटाई गईं। अभियान के दौरान कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम और 296 टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *