यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर निगम के प्रचार विभाग द्वारा मंगलवार को बिना अनुज्ञा शुल्क जमा किए प्रदर्शित किए जा रहे विज्ञापन पटों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार एवं अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के आदेशानुसार की गई। अभियान का संचालन प्रभारी अधिकारी प्रचार श्री विनीत सिंह के निर्देशन में तथा कर अधीक्षक (प्रचार) श्री ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विभागीय निरीक्षक एवं सुपरवाइजर भी मौके पर उपस्थित रहे।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ विज्ञापन एजेंसियां बिना निर्धारित अनुज्ञा शुल्क जमा किए विज्ञापन पट प्रदर्शित कर रही हैं, जिससे निगम को राजस्व की हानि हो रही थी। इसी क्रम में मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाकर ऐसे विज्ञापन पटों को चिह्नित कर हटाने की कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत अहमामऊ क्षेत्र में मेर्क्स ब्राण्डवीटा एडवरटाइजिंग द्वारा लगाए गए विज्ञापन पटों को हटाया गया। इसके अतिरिक्त लालवाग क्षेत्र से मे० निम्बस एडवरटाइजिंग के विज्ञापन भी हटाए गए। वहीं इंदिरा नगर स्थित आम्रपाली कॉम्पलेक्स में मेसर्स कोनराई द्वारा प्रदर्शित विज्ञापनों को भी नियमों के उल्लंघन के चलते तत्काल प्रभाव से हटवा दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुज्ञा शुल्क जमा किए किसी भी प्रकार का विज्ञापन प्रदर्शित करना नियम विरुद्ध है। ऐसे मामलों में संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान अनुज्ञा शुल्क न जमा करने वाली एजेंसियों से कुल 12,26,145 रुपये की धनराशि वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई।