नगर निगम जलकल विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

- ऐशबाग जलकल मुख्यालय में आयोजित समारोह में माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल व नगर आयुक्त गौरव कुमार ने किया सम्मान

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को ऐशबाग स्थित जलकल विभाग के मुख्यालय में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। यह कर्मचारी 28 फरवरी 2026 को सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी, पार्षद श्री संदीप शर्मा जी, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह जी सहित जलकल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जिन कर्मचारियों को विदाई दी गई उनमें जोन-1 से श्री रंजीत (सीवर सफाई कर्मचारी), श्री सुधीर कुमार श्रीवास्तव (गैंगमैन), श्री याकूब अली (गैंगमैन) और श्री जमुना प्रसाद (गैंगमैन) शामिल हैं। इसी प्रकार जोन-2 से श्री गुरु प्रसाद (गैंगमैन), श्री तुफानी (गैंगमैन) और श्री किशन लाल (सीवर सफाई कर्मचारी) को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

जोन-3 से श्री मो० इदरीस (चालक) तथा जोन-5 से श्री खेलारी लाल (गैंगमैन) और श्री बजरंगी (गैंगमैन) सेवानिवृत्त हुए। वहीं जोन-8 से श्री हरपाल सिंह (बिल वितरक), श्री सत्य नारायण (गैंगमैन) और श्री बहादुर (गैंगमैन) को भी समारोह में सम्मानित किया गया।

इसके अलावा जलकल मुख्यालय से श्री चन्द्रपाल (सीवर सफाई कर्मचारी), श्री धनश्याम सिंह (गैंगमैन) और श्री राकेश (गैंगमैन), श्री राम बचन (गैंगमैन), श्री चन्द्रमा (पंप ड्राइवर) और श्री रामचन्द्र (गैंगमैन) सेवानिवृत्त हुए।

समारोह के दौरान माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी शहर की मूलभूत सेवाओं को सुचारु रूप से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जलकल विभाग के कर्मचारी विशेष रूप से शहरवासियों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने और सीवर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में दिन-रात मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों की वर्षों की सेवा और समर्पण नगर निगम के लिए अमूल्य है।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए कहा कि किसी भी संस्था की मजबूती उसके कर्मचारियों की मेहनत और निष्ठा पर निर्भर करती है। जलकल विभाग के इन कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ किया है, जिसके लिए नगर निगम उनका आभार व्यक्त करता है।

समारोह के अंत में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान देकर विदाई दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें स्वस्थ, सुखद और खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *