यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ। शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं को देखते हुए नगर निगम लखनऊ ने मंगलवार को सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का उद्देश्य सड़कों, नालियों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण से मुक्त कराकर नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। मंगलवार 10 मार्च 2026 को मुंशीपुलिया चौराहे से माही मेडिकल तक तथा आसपास के क्षेत्रों में सड़कों और नालियों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान टीम ने कई अस्थायी अतिक्रमण हटाए और मौके से एक ठेलिया, दो लोहे के काउंटर, दो कुर्सियां तथा दो टेबल जब्त किए। यह कार्रवाई अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम और 296 टीम की उपस्थिति में संपन्न कराई गई।
इसी क्रम में जोन-8 क्षेत्र में भी अवैध अस्थायी अतिक्रमण, होर्डिंग, बैनर और पोस्टर के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह के नेतृत्व में 296 टीम की मौजूदगी में वृंदावन सेक्टर-5 मोड़ से इग्नू यूनिवर्सिटी तक तथा जोनल पार्क के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान वहां अवैध रूप से लगाए गए ठेले और खोपचे हटवाए गए। टीम ने मौके से सात प्लास्टिक स्टूल, एक जनरेटर, एक गैस सिलेंडर, एक गन्ने की मशीन, आठ मशीन बेल्ट और दो मशीन हैंडल समेत अन्य सामान जब्त किया। साथ ही अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में दोबारा इस प्रकार का अवैध कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।