यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में ग्राम सरसवां, तहसील सरोजनी नगर क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया। इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को मुक्त कराया।
यह कार्रवाई अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न हुई। सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम लखनऊ श्री अरविन्द पाण्डेय द्वारा गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे अभियान को अंजाम दिया। टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार श्री तेजस्वी प्रकाश ने किया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, ग्राम सरसवां स्थित गाटा संख्या 839 (0.204 हे०), 842 (0.239 हे०), 843 मि (0.204 हे०) तथा 1018 मि (0.161 हे०) की भूमि राजस्व अभिलेखों में क्रमशः नवीन परती, बंजर एवं नदी के रूप में दर्ज है। इन शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से बाउंड्रीवाल खड़ी कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका थी।
सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। जेसीबी मशीनों के माध्यम से बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया गया और भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। थानाध्यक्ष सुशांत गोल्फ सिटी द्वारा पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया, जिससे पूरी कार्रवाई शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। इसके अलावा नगर निगम की ईटीएफ (ETF) फोर्स भी मौके पर मौजूद रही।
इस अभियान में नगर निगम के लेखपाल श्री राजू सोनी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आवश्यक अभिलेखीय सहायता प्रदान की। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद कुल 0.857 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है।
नगर निगम के अनुसार, मुक्त कराई गई इस भूमि की वर्तमान बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है और भविष्य में इसका उपयोग जनहित के कार्यों में किया जा सकता है।