यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
₹3 करोड़ 27 लाख की लागत से बनने वाला आधुनिक कार्यालय 12 माह में होगा पूर्ण
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने मंत्री रवींद्र जायसवाल के साथ सोमवार को उपनिबंधन कार्यालय, सरोजनीनगर के नवीन भवन का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। लगभग ₹3 करोड़ 27 लाख की लागत से बनने वाला यह आधुनिक भवन आगामी 12 माह में पूर्ण होकर क्षेत्रवासियों को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं तकनीक-सक्षम सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
गौरतलब है कि इस आधुनिक भवन के निर्माण हेतु भूमि आवंटन की आवश्यकता को देखते हुए डॉ राजेश्वर सिंह ने पूर्व में संबंधित विभाग को पत्र लिखकर सरोजनीनगर में नवीन उपनिबंधन कार्यालय भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई थी। उनके सतत प्रयासों एवं पहल के परिणामस्वरूप आज इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास संपन्न हुआ, जिससे क्षेत्रवासियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
इस अवसर पर डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि “उत्तर प्रदेश का रजिस्ट्री विभाग आज केवल दस्तावेजों के पंजीकरण तक सीमित नहीं, बल्कि पारदर्शिता, तकनीक और जनविश्वास का सशक्त प्रतीक बनता जा रहा है।” उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर रजिस्ट्री कार्यालय में प्रतिदिन 200 से अधिक रजिस्ट्रियों के माध्यम से हजारों नागरिकों को सम्मानजनक, सरल एवं नागरिक-हितैषी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं वरिष्ठ मंत्रियों के मार्गदर्शन में प्रदेश का रजिस्ट्री विभाग निरंतर आधुनिकता, पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री विभाग से प्राप्त होने वाला अनुमानित ₹42,000 करोड़ का राजस्व प्रदेश में नए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास को नई गति देगा।
उन्होंने सरोजनीनगर को प्रदेश के सबसे सुरक्षित एवं तीव्र गति से विकसित हो रहे क्षेत्रों में बताते हुए कहा कि एयरो सिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिटी, ₹10,000 करोड़ के अनंत नगर प्रोजेक्ट तथा ₹7,500 करोड़ की विकास योजनाएं “नए उत्तर प्रदेश” की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं। डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं डीड राइटर्स के सतत सहयोग से नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं जन-केंद्रित बनाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में मंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश के 382 रजिस्ट्री कार्यालय में से सरोजनी नगर में सबसे अधिक रजिस्ट्रियां होती हैं। इस नए कार्यालय को बनाने के लिए जब विधायक डॉ राजेश्वर सिंह मेरे पास सबसे पहले प्रस्ताव लाए तो उन्होंने बताया कि हमारे यहां प्रतिदिन 200 रजिस्ट्रियां होती हैं, तो मैं आश्चर्य में पड़ गया। डॉ राजेश्वर सिंह ने ही कार्यालय ना होने के कारण लोगों को होने वाली परेशानियों से हम सभी को अवगत कराया। इसके बाद तत्काल मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसके बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने बिना समय गंवाए इस नए उप निबंधन कार्यालय को बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
इस अवसर पर महेश कुमार, देवीपाटन मंडल उपमहानिरीक्षक, राजेश कुमार, सहायक महानिरीक्षक स्टाम्प, वाल्मीकि, प्रयागराज उपमहानिरीक्षक, संतोष सिंह, उपनिबंधक, राजेश सिंह चौहान, संकरी सिंह, कमलेश सिंह, अध्यक्ष सरोजनीनगर बार एसोसिएशन, राजेश सिंह, जितेन्द्र सिंह, चंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, जिला मंत्री, के. एन. सिंह, पार्षद, लव कुश रावत, पार्षद प्रतिनिधि, आशीष सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं श्रीमती रंजन सिंह सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि “सेवा, सुशासन और विकास” के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।