यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक
– महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत आज जोन-2 के ऐशबाग वार्ड में सेंट्रल पार्क, पीली कॉलोनी में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें क्षेत्रीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे।
चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, हाउस टैक्स से संबंधित समस्याएं तथा बैक लेन में कूड़ा डालने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। नागरिकों ने नियमित सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए जाने की आवश्यकता भी बताई।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैक लेन में कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वाले लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
महापौर ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही समाधान सुनिश्चित करना तथा नगर निगम और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नागरिकों को राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर माननीय पार्षद श्री संदीप शर्मा जी, अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त जी, पूर्व पार्षद श्री साकेत शर्मा जी, जोनल अधिकारी जोन-2 श्री संजय यादव जी, मंडल अध्यक्ष मध्य 4 श्री मनोज रस्तोगी जी, शमी कॉलोनी के अध्यक्ष श्री सतीश दूबे जी तथा नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।