नगर निगम की बड़ी कार्यवाही: कंचनपुर मटियारी में 34,444 वर्ग फीट शासकीय भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी

– करीब 10.33 करोड़ रुपये मूल्य की बेशकीमती भूमि से हटाया अवैध कब्जा, जेसीबी से ध्वस्त की गई बाउंड्रीवॉल और प्लॉटिंग

लखनऊ नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के निर्देश पर नगर निगम में निहित शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को ग्राम कंचनपुर मटियारी में बड़ी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने करीब 34,444 वर्ग फीट बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। मुक्त कराई गई भूमि की वर्तमान अनुमानित कीमत करीब 10.33 करोड़ रुपये बताई गई है।

अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर संपत्ति विभाग ने की कार्रवाई
अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव जी के निर्देश के क्रम में सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी संपत्ति श्री रामेश्वर प्रसाद जी तथा तहसीलदार नगर निगम लखनऊ श्री अरविन्द पाण्डेय जी द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने तहसील सदर अंतर्गत ग्राम कंचनपुर मटियारी में यह अभियान चलाया।

*बंजर और तालाब की भूमि पर की जा रही थी बाउंड्रीवॉल व प्लॉटिंग*
राजस्व अभिलेखों के अनुसार ग्राम कंचनपुर मटियारी स्थित गाटा संख्या-552स में 0.3580 हेक्टेयर बंजर भूमि तथा 0.0700 हेक्टेयर तालाब की भूमि नगर निगम में निहित शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है। उक्त भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से बाउंड्रीवॉल का निर्माण और प्लॉटिंग कर शासकीय भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा था।

*जेसीबी की मदद से ध्वस्त कराया गया अवैध निर्माण*
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध बाउंड्रीवॉल और प्लॉटिंग संबंधी निर्माण को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम श्री राजेन्द्र कुमार जी ने किया।

*शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई कार्रवाई*
नगर निगम की टीम ने शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई संपन्न कराई। अभियान में नगर निगम लेखपाल श्री विनोद कुमार वर्मा जी, तहसील लेखपाल श्री विमल सिंह जी, श्री शिवप्रसाद जी, श्री लवकेश जी सहित नगर निगम प्रवर्तन दल (ईटीएफ) की टीम मौजूद रही।

*34,444 वर्ग फीट भूमि हुई कब्जामुक्त*
इस कार्रवाई के माध्यम से ग्राम कंचनपुर मटियारी में करीब 34,444 वर्ग फीट बेशकीमती शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। नगर निगम के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि की वर्तमान अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ 33 लाख रुपये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *