यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
उप संपादक संजय मिश्रा
अंबेडकरनगर
एक व्यवसायी को पूछताछ के लिए ले जाने के दौरान अंबेडकरनगर और गोरखपुर की एसओजी टीमों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में व्यवसायी को गोरखपुर ले जाया गया।जानकारी के अनुसार, पिपराइच थाना क्षेत्र के निवासी व्यवसायी श्रवण कुमार को अंबेडकरनगर की एसओजी टीम एक मामले में पूछताछ के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान व्यवसायी के परिजनों ने स्थानीय थाने में उसके अपहरण की आशंका जताते हुए सूचना दे दी। सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस और एसओजी टीम सक्रिय हो गई।बताया जाता है कि अकबरपुर के पटेलनगर तिराहे पर गोरखपुर और अंबेडकरनगर की एसओजी टीमें आमने-सामने आ गईं। व्यवसायी को अपने साथ ले जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो कुछ देर के लिए हाथापाई तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों जिलों के पुलिस अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और स्थिति स्पष्ट होने के बाद विवाद समाप्त कराया। इसके बाद व्यवसायी को गोरखपुर ले जाया गया।सूत्रों के मुताबिक, व्यवसायी से अंबेडकरनगर में दर्ज एक मामले के संबंध में पूछताछ की जानी थी। वहीं गोरखपुर पुलिस को अपहरण की सूचना मिलने के कारण भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा घटनाक्रम गलतफहमी का परिणाम था और स्थिति स्पष्ट होने के बाद मामला शांत हो गया।घटना को लेकर पुलिस विभाग में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।