यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
डॉ. राजेश्वर सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य के लिए दी शुभकामनाएँ
लखनऊ।
सरोजनीनगर के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने आज वृंदावन योजना स्थित एस के डी एकेडमी में आयोजित वर्ष 2026 की बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में सहभागिता कर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण, दोनों ही राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता एवं पर्यावरण संरक्षण का संस्कार विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सतत सहयोग का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा, उत्कृष्टता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करने का माध्यम भी है। ऐसे प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएँ राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं, जो भविष्य में अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं संस्कारों से देश और समाज का गौरव बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने कक्षा 12 के मेधावी विद्यार्थियों में सुभान अली (95.00%), सुहानी शाक्य (98.25%), निष्कर्ष त्रिपाठी (98.00%), अनामिका (96.80%), मुदित सिंह (96.80%), उन्नति तिवारी (95.80%) एवं मो. मुब्तदिर (93.20%) को सम्मानित किया।
इसी प्रकार कक्षा 10 के मेधावी विद्यार्थियों में सूर्यांश अवस्थी (99.20%), यथार्थ कुशवाहा (98.60%), विनायक मिश्रा (97.80%), रोहन यादव (97.00%) एवं गौरव सिंह (91.33%) को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर SKD Academy के चेयरमैन एस.के.डी. सिंह, डायरेक्टर मनीष सिंह, डिप्टी डायरेक्टर निशा सिंह एवं क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में पार्षद के. एन. सिंह, पार्षद मनोज रावत, पार्षद संजीव अवस्थी, आमोद कुमार, शैलेन्द्र सिंह, सुमन सिंह एवं रीना त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि ये सभी विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, परिश्रम एवं संस्कारों के बल पर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। साथ ही उन्होंने आह्वान किया कि शिक्षा में उत्कृष्टता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जीवन का अभिन्न अंग बनाकर एक विकसित, हरित एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।