प्राथमिक विद्यालय अलीनगर खुर्द में वृहद वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के संवर्धन के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय अलीनगर खुर्द में वृहद वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाने तथा उन्हें अपने जीवन की अमूल्य संपत्ति के रूप में संरक्षित करने का संदेश दिया गया। सभी से अपील की गई कि वे पौधों को अपने किसी प्रियजन के नाम से अपनाएं तथा उनकी नियमित सिंचाई, खाद एवं देखभाल की जिम्मेदारी निभाएं।
इस अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के कार्यालय से विनोद वर्मा (पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख, मोहनलालगंज) उपस्थित रहे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बताते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा गठित युवा समाजसेवी टीम के सदस्य गुलशन कुमार, शिक्षामित्र सतीश कुमार, सरिता देवी, अनेक अभिभावकों एवं ग्रामवासियों के साथ मगरा मिशन के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता की और वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाया।
विद्यालय की शिक्षिका रीना त्रिपाठी ने इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को मुख्य रूप से फलदार पौधों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जंगली एवं स्थानीय प्रजातियों के फलदार वृक्षों की संख्या लगातार घट रही है, जिससे गौरैया, तोता तथा अनेक अन्य पक्षियों के भोजन और प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहे हैं। फलदार वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि पक्षियों और अन्य जीवों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से अपने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें भविष्य की अमूल्य धरोहर बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं समृद्ध पर्यावरण बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *