संत रविदास जयंती पर निकली कलश यात्रा, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक व अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने किया स्वागत

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

लखनऊ संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में निकाली जा रही कलश यात्रा का उत्तर विधानसभा क्षेत्र के उत्तर मंडल-4 स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। कलश यात्रा के मंदिर परिसर पहुंचने पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने श्रद्धापूर्वक कलश यात्रा का स्वागत किया और संत रविदास जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी महाराज ने समाज को समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनका जीवन और विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना का विरोध करते हुए सभी को समान दृष्टि से देखने का संदेश दिया, जो आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि संत रविदास जी महाराज की शिक्षाएं सामाजिक समरसता और राष्ट्र की एकता का मजबूत आधार हैं। उनकी 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा महानगर द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कलश यात्रा एवं अन्य धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में आपसी भाईचारे एवं सद्भाव की भावना को और मजबूत करना है।

क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि संत रविदास महाराज ने अपने जीवन और संदेश से समाज के प्रत्येक वर्ग को समानता एवं सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनकी वाणी और विचार आज भी करोड़ों लोगों के लिए मार्गदर्शक हैं।

मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि कलश यात्रा के स्वागत कार्यक्रम में भाजपा महानगर महामंत्री सत्येंद्र सिंह, टिंकू सोनकर, उपाध्यक्ष विनायक पाण्डेय, सौरभ वाल्मीकि, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र मौर्य, लव कुश त्रिवेदी, विपिन सोनकर, राजेश चौधरी, नीरज मिश्रा, कुंदन सिंह गौतम सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *