जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज, सुबह-शाम वितरित किए गए 1,900 खाद्य पैकेट

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा
– लोहरामऊ और दाउदनगर में ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव, ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में 70 कर्मचारियों ने संभाली राहत सामग्री की व्यवस्था

लखनऊ। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में लखनऊ नगर निगम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने फैजुल्लागंज व गुल्मी खेड़ा समेत सभी प्रभावित क्षेत्रों का शुक्रवार को दौरा कर मौके पर चल रहे राहत कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ के जलस्तर में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके मद्देनजर नगर निगम की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों के साथ-साथ सफाई, स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हैं।

*नावों के माध्यम से पहुंचाई जा रही खाद्य सामग्री*
प्रभावित क्षेत्रों में लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए नावों की सहायता ली जा रही है। निजी संस्थाओं के सहयोग से नगर निगम की टीम ने नावों के माध्यम से प्रभावित लोगों तक खाद्य सामग्री पहुंचाई। इस दौरान लगभग 500 से 600 पके हुए भोजन के पैकेट के साथ कच्चा एवं सूखा राशन वितरित किया गया। जोन-3 व जोन-6 के अंतर्गत हयात नगर, बरावन कला, टांड़ खेड़ा, सुखलाल खेड़ा, मुन्नू खेड़ा, दौलत खेड़ा, लक्ष्मी हॉस्पिटल वाली गली और गुल्मी खेड़ा सहित प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

*सुबह और शाम दोनों पालियों में 1,900 खाद्य पैकेट और पेयजल की बोतलों का वितरण*
जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में नगर निगम की टीम द्वारा सुबह और शाम, दोनों पालियों में कुल 1,900 खाद्य पैकेटों के साथ पीने के पानी की बोतलों का वितरण किया गया। प्रभावित परिवारों तक भोजन और स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए नगर निगम की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

*जोन-3 में अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी*
जोन-3 के प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए मौके पर जोनल अधिकारी श्री अजीत राय, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री सचिन सक्सेना तथा अधिशासी अभियंता श्री नज़मी मुजफ्फर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में राहत कार्यों और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित कराया। ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में राहत सामग्री के प्रबंधन के लिए लगभग 70 कर्मचारियों को लगाया गया। कर्मचारियों ने पिछले दो दिनों में पहुंची खाद्य सामग्री को उतारकर ट्रैक्टरों पर लोड करने का कार्य किया, जिससे प्रभावित क्षेत्रों तक राहत सामग्री पहुंचाने में सुविधा हो सके।

*जोन-6 में भी राहत कार्यों की निगरानी*
जोन-6 के प्रभावित क्षेत्रों में मौके पर जोनल अधिकारी श्री अमरजीत सिंह यादव, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री राकेश कुमार तथा अधिशासी अभियंता श्री अशोक यादव मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की निगरानी करते हुए राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर ध्यान दिया।

*लोहरामऊ और दाउदनगर में ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव*
जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन को रोकने और संक्रामक बीमारियों की आशंका कम करने के लिए लोहरामऊ और दाउदनगर में ड्रोन के माध्यम से एंटी लार्वा छिड़काव कराया गया। जलस्तर स्थिर होने के बाद छिड़काव का दायरा बढ़ाने की तैयारी की गई है। इसके तहत शनिवार से तीन ड्रोन लगाए जाने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक प्रभावित क्षेत्रों को कवर किया जा सके। नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण, सफाई, स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *