लखनऊ जन भवन में नशा मुक्ति को लेकर आयोजित किया गया नुक्कड़ नाटक

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आज जन भवन, लखनऊ में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उससे जुड़े गंभीर सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों को रेखांकित करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

नाटक के विभिन्न दृश्यों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य, विवेक और कार्यक्षमता को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके परिवार की खुशियों तथा सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। विद्यार्थियों ने सहज अभिनय और संवादों के जरिए दर्शाया कि नशे से दूरी बनाकर ही व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर दिशा दे सकता है तथा अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभा सकता है।

प्रस्तुति में युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग रचनात्मक कार्यों में करने, दृढ़ इच्छाशक्ति विकसित करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया। विद्यार्थियों ने यह भी संदेश दिया कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल व्यक्तिगत प्रयासों से ही नहीं, बल्कि परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के सामूहिक सहयोग से संभव है।

यह आयोजन ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के अंतर्गत किया गया। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवन के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। जन भवन में विद्यार्थियों की इस पहल ने सामाजिक जागरूकता के प्रसार में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया और नशामुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *