यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
समाजवादी पार्टी ने आज लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में आदि कवि महर्षि बाल्मीकि जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें नमन किया। मुख्य कार्यक्रम समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय के डा. राममनोहर लोहिया सभागार में हुआ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आदिकवि महर्षि बाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
श्री अखिलेश यादव ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में महर्षि वाल्मीकि जयंती की सार्वजनिक छुट्टी होती थी। समाजवादी पार्टी की सरकार में फिर से सार्वजनिक छुट्टी होगी। सरकारी अवकाश होगा। जयंती पर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम होगा।
श्री यादव ने कहा कि आउटसोर्सिंग ऐसी जुगाड़ व्यवस्था है जिसमें नौकरियों में आरक्षण छीना गया है। चरम सीमा पर शोषण है। समाजवादी पार्टी की सरकार में आउटसोर्सिंग खत्म करेंगे। संविदा सफाई कर्मचारियों को लेकर नेताजी ने समाजवादी सरकार में बहुत महत्वपूर्ण फैसला लिया था।
श्री अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि जब सपा का घोषणा पत्र आएगा तो उसमें कई योजनाओं को लाकर सफाई कर्मियों की मांगों को पूरा करेंगे। वाल्मीकि समाज जिन कालोनियों में रह रहा है उसकी योजना बनाकर रहने वाले लोगों को मालिकाना हक देंगे। गरीबों को अलग से सभी सुविधाओं से युक्त घर बनाकर देंगे।
कार्यक्रम में सर्वश्री जुगल किशोर बाल्मीकि, सुरेन्द्र बाल्मीकि, पार्षद अरूण बाल्मीकि, कुनाल बाल्मीकि, प्रदीप कनौजिया, विदित बाल्मीकि आदि ने भी श्रद्धासुमन अर्पित नमन किया