जनगणना प्रशिक्षण से अनुपस्थित कर्मचारियों पर सख्ती, FIR दर्ज करवाएगा नगर निगम

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– जोन-8 में 192, जोन-4 में 33 और जोन-2 में 6 कर्मचारी गैरहाजिर
– कर्मचारियों को जनगणना ड्यूटी के लिए रिलीव न करने वाले विभागाध्यक्षों पर भी होगी कार्रवाई

लखनऊ। जनगणना-2027 के कार्य को समय से पूरा कराने के लिए लखनऊ नगर निगम ने प्रशिक्षण से अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। प्रशिक्षण में लगातार अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने से लेकर निलंबन और एफआईआर तक की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, नगर निगम को यह सूचना भी मिली है कि कई विभागों के विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को जनगणना कार्य के लिए रिलीव नहीं कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ भी नगर निगम कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।

*जोन-8 में 192 कर्मचारी अनुपस्थित*
जोन-8 में जनगणना प्रशिक्षण के लिए कुल 350 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें 325 प्रगणक और 25 पर्यवेक्षक शामिल थे। प्रशिक्षण के दौरान 178 प्रगणक और 14 पर्यवेक्षक, यानी कुल 192 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। वहीं, 147 प्रगणक और 11 पर्यवेक्षक सहित कुल 158 कर्मचारी प्रशिक्षण में उपस्थित रहे।

*जोन-4 में 33 कर्मचारी गैरहाजिर*
जोन-4 में प्रशिक्षण के लिए कुल 250 कर्मचारी निर्धारित थे। इनमें से 217 कर्मचारी उपस्थित हुए, जबकि 33 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार यहां कर्मचारियों की उपस्थिति 86.8 प्रतिशत दर्ज की गई।

*जोन-2 में 6 कर्मचारी अनुपस्थित*
जोन-2 में कुल 48 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाना था। इनमें से 42 कर्मचारी उपस्थित हुए, जबकि 6 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। यहां उपस्थिति 87.5 प्रतिशत रही। ऐशबाग स्थित नगर निगम जोन-2 कार्यालय के सभागार में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त ने निरीक्षण भी किया।

*लगातार गैरहाजिरी पर FIR की कार्रवाई*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के निर्देशानुसार, जनगणना प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा जाएगा। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध सेवा नियमावली के तहत निलंबन की कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

वहीं, जनगणना कार्य से लगातार अनुपस्थित रहने, ड्यूटी से बचने अथवा निर्धारित दायित्वों का पालन करने से इनकार करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम की धारा 11 के तहत पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

*कर्मचारियों को रिलीव न करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई*
नगर निगम को जानकारी मिली है कि विभिन्न विभागों के कुछ विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को जनगणना कार्य के लिए रिलीव नहीं कर रहे हैं। इससे प्रशिक्षण और जनगणना से जुड़े कार्य प्रभावित होने की आशंका है। नगर निगम ऐसे अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *