दीपोत्सव अयोध्या-2026 में फिर गूंजेगा राम भजन और राम नाद, भजन गायक व जोनल अधिकारी मनोज कुमार यादव को मिला आमंत्रण

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– श्रीराम मंदिर लोकार्पण और महाकुंभ-2025 में भी दे चुके हैं प्रस्तुति, इस बार लाखों श्रद्धालु एक साथ करेंगे राम नाम का उद्घोष

लखनऊ। अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2026 में इस बार भी राम भजन और राम नाद की गूंज सुनाई देगी। भजन गायक एवं लखनऊ नगर निगम में जोनल अधिकारी श्री मनोज कुमार यादव को दीपोत्सव के भव्य आयोजन में प्रस्तुति देने के लिए पुनः आमंत्रित किया गया है। इस बार उनके कार्यक्रम में पारंपरिक राम भजनों के साथ विशेष रूप से राम नाद की प्रस्तुति भी शामिल होगी।

राम नाद एक ऐसी सामूहिक भक्ति प्रस्तुति है, जिसमें गायक के साथ श्रोता भी एक लय और स्वर में भगवान श्रीराम के नाम का उद्घोष करते हैं। इसमें हजारों श्रद्धालु एक साथ राम नाम का जाप करते हुए भक्ति के इस आयोजन में सहभागी बनते हैं। आयोजकों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को केवल भजन सुनने तक सीमित न रखते हुए उन्हें सामूहिक रूप से राम नाम की धुन से जोड़ना है।

उल्लेखनीय है कि श्री मनोज कुमार यादव इससे पहले 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर अयोध्या में अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। इसके अतिरिक्त संस्कृति मंत्रालय की ओर से उन्हें महाकुंभ-2025 और पूर्व के दीपोत्सव आयोजनों में भी आमंत्रित किया जा चुका है।

श्री यादव के भजन डिजिटल मंचों पर भी काफी लोकप्रिय हैं। उनका भजन ‘मेरे राम, तेरे राम’ लाखों श्रोताओं तक पहुंच चुका है। वहीं, छठ पर्व पर प्रस्तुत उनका गीत ‘छठी मैया, छठी मैया’ भी श्रोताओं के बीच विशेष लोकप्रियता हासिल कर रहा है।

दीपोत्सव के दौरान सरयू तट पर लाखों दीपों की जगमगाहट, श्रीराम मंदिर की भव्यता और सामूहिक राम नाद की गूंज श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस आयोजन के माध्यम से भक्ति, संगीत और सामूहिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *