यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को खुल्दाबाद, प्रयागराज स्थित राजकीय बाल गृह बालिका एवं राजकीय बाल गृह शिशु का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अंतःवासियों के साथ संवाद किया।
राज्यपाल महोदया ने राजकीय बाल गृह में बालिकाओं एवं राजकीय महिला शरणालय की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्त उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने बालिका गृह के हॉल में सभी बालिकाओं के साथ संवाद करते हुए उन्हें दी जा रही शिक्षा, उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, इन विषयों पर अपने अमूल्य सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
राज्यपाल महोदया ने समस्त स्टाफ, शिक्षकों, डॉक्टरों, रसोइयों एवं सफाईकर्मियों से भी संवाद किया तथा उनकी कार्यशैली में सुधार एवं दक्षता लाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। राजकीय बाल गृह बालिका में आवासित बालिकाओं को कौशल प्रोत्साहन एवं आय सृजन के उद्देश्य से निर्मित किए जा रहे हस्त उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए आवश्यक निर्देश एवं सुझाव दिए।
राज्यपाल महोदया ने बालिका गृह में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने राजकीय बाल गृह शिशु एवं राजकीय बाल गृह बालिका में बच्चों को स्नैक्स, चॉकलेट तथा आगामी शीत ऋतु के लिए गर्म कपड़े, इनर आदि वितरित किए।