यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आज बाल दिवस के अवसर पर आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन के विद्यार्थियों के लिए जन भवन के बड़े लॉन में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ विशेष कार्याधिकारी, श्री राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे द्वारा गुब्बारे छोड़कर किया गया।
आयोजित प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए कलर बॉल एवं नींबू-चम्मच दौड़, कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर बोरा दौड़, मेंढक दौड़ एवं 100 मीटर दौड़ तथा कक्षा 9 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर दौड़ एवं 50 मीटर बोरा दौड़ प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त बालिकाओं के लिए सुई-धागा प्रतियोगिता तथा बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं उमंग के साथ प्रतिभाग किया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, कौशल एवं सामूहिक सहभागिता प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी, श्री राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज के आयोजन में बच्चों ने जिस उत्साह, ऊर्जा एवं आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया है, वह सराहनीय है। विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धाओं के साथ-साथ सामूहिक प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से रस्साकशी प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें यह देखने को मिला कि प्रारम्भ में पीछे रहने वाली टीम ने भी सामूहिक प्रयासों एवं समन्वय के बल पर जीत हासिल की। इससे यह सीख मिलती है कि जब सभी सदस्य एक लक्ष्य निर्धारित कर, एक दिशा में मिलकर प्रयास करते हैं, तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में टीम भावना, परस्पर सहयोग एवं सबको साथ लेकर चलने की प्रवृत्ति विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। टीम में प्रत्येक सदस्य का योगदान महत्वपूर्ण होता है तथा सामूहिक प्रयास से ही पूरी टीम सफलता प्राप्त करती है। उन्होंने कहा कि आज का आयोजन भी इसी सामूहिक सहभागिता एवं टीमवर्क का उदाहरण है। इसमें विद्यालय के शिक्षकों, जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आयोजन से जुड़े सभी के सामूहिक प्रयासों से ही यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सका।
डॉ. बोबडे ने कहा कि बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को टीम भावना एवं सामूहिक कार्यसंस्कृति की यह सीख अपने जीवन में आत्मसात करनी चाहिए। प्रतियोगिताओं में प्रदान किए गए पुरस्कारों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने निदेशक, माध्यमिक शिक्षा श्री प्रताप सिंह बघेल से अपेक्षा की कि वे विद्यालय का निरीक्षण कर यहां की शैक्षिक व्यवस्थाओं का अवलोकन करें। उन्होंने बताया कि आगामी शैक्षिक सत्र से विद्यालय में कक्षा 11 एवं 12 का संचालन प्रारम्भ किया जाना प्रस्तावित है।
डॉ. बोबडे ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास के सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। यही इस प्रयास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा माननीय राज्यपाल महोदया की मूल भावना भी यही है कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब आज के विद्यार्थी युवा नागरिक के रूप में देश के विकास में अपनी भूमिका निभा रहे होंगे, तब यही आत्मविश्वास से परिपूर्ण पीढ़ी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी। इसलिए विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं क्षमता संवर्धन के लिए सभी को निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा आगामी जनवरी-फरवरी माह में पुनः खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन की बात कही।