लखनऊ जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जन भवन में विविध संस्कृति कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आज जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जन भवन, लखनऊ स्थित गांधी सभागार में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करने के कार्यक्रम का जन भवन में सजीव प्रसारण भी किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के तत्वावधान में सुरभि शोध संस्थान, वाराणसी द्वारा सामूहिक लोकगीत ‘आदिवासी जंगल रखवारे’ तथा थारू जनजाति का सामूहिक लोकनृत्य ‘आदिवासी थारू हमारे धरती पूजा करायें’ प्रस्तुत किया गया।
इसी क्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ के तत्वावधान में युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी के छात्र-छात्राओं द्वारा थारू बोली में पारंपरिक लोकगीत ‘बारि फुलवार कैसे भौरा फूला लोरी’ का सामूहिक गायन एवं थारू लोकगीत पर आधारित सामूहिक लोकनृत्य ‘हाई जल कैसे भारू रे’ प्रस्तुत किया गया। वहीं, केन ग्रोअर्स नेहरू पीजी कॉलेज, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी के छात्र-छात्राओं ने थारू लोकगीत ‘मुरली सुनाओ रे प्यारे’ का सामूहिक गायन किया। सभी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत का मनोहारी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में विशेष कार्याधिकारी, राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विभिन्न संस्थानों से आए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों का परिचय कराया। उन्होंने सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं ने अत्यंत सुंदर एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी हैं।
उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से कहा कि वे पूरे जन भवन का भ्रमण कर यहां विकसित आदर्श माध्यमिक विद्यालय, फाउंटेन, पंचतंत्र, गौशाला, बोनसाई गार्डन एवं मियावाकी वन आदि जैसी विभिन्न नवाचारपरक व्यवस्थाओं को देखें और उनसे प्रेरणा प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं एवं नवाचारों का विकास माननीय राज्यपाल जी की प्रेरणा, दूरदर्शिता एवं मार्गदर्शन में किया गया है।
डॉ. बोबडे ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जनजातीय समाज के बच्चों को शिक्षा एवं विकास के समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। भारत सरकार द्वारा जनजातीय विद्यार्थियों के लिए कक्षा 6 से कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आग्रह किया कि वे जनजातीय समाज के बच्चों तथा उनके अभिभावकों को इन योजनाओं के प्रति जागरूक करें और उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री जी के संबोधन का उल्लेख करते हुए तेलंगाना के एक जनजातीय विद्यार्थी का उदाहरण दिया, जो भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर में शिक्षा प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थी न केवल उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा है, बल्कि पर्यावरण, ध्वनि एवं वायु प्रदूषण की समस्याओं के समाधान के लिए भी कार्य करना चाहता है। प्रकृति के साथ निकटता से जीवन व्यतीत करने वाले जनजातीय समुदायों में पर्यावरण संरक्षण की स्वाभाविक समझ एवं संवेदना होती है। इस विद्यार्थी ने अपनी इसी प्रेरणा को इंजीनियरिंग की शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। उन्होंने उपस्थित विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से इस उदाहरण से प्रेरणा लेकर जनजातीय विद्यार्थियों को शिक्षा, नवाचार एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आवश्यकता है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचे और पात्र लाभार्थियों को उनका समुचित लाभ मिले। जब कोई जनजातीय समुदाय शिक्षा एवं विकास की मुख्यधारा से जुड़ता है, तो निरंतर प्रयासों के माध्यम से प्रगति और उन्नति के नए आयाम स्थापित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *