डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर आयोजित ‘सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट’ में उमड़ा विद्यार्थियों का सैलाब

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

ज्ञान का महाकुंभ बना सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट, 150 विद्यालयों एवं 29 महाविद्यालयों के 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने की सहभागिता

लखनऊ: प्रतियोगिताएं अक्सर विद्यार्थियों के ज्ञान और स्मरण शक्ति को परखती हैं, लेकिन क्या नई पीढ़ी अपने प्रदेश के इतिहास, अपने शहर की विरासत और अपने क्षेत्र की विकास यात्रा से भी परिचित है? इसी सवाल को एक बड़ी शैक्षिक पहल का रूप देते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर ‘सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट’ का आयोजन किया गया। क्षेत्र के 150 विद्यालयों एवं 29 महाविद्यालयों तक पहुंची इस अंतरविद्यालयीय क्विज प्रतियोगिता में 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। किसी जनप्रतिनिधि की पहल पर इतने बड़े स्तर पर आयोजित यह अंतरविद्यालयीय क्विज प्रतियोगिता अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

इस वृहद आयोजन के संदर्भ में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि युवा केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागी नहीं हैं, बल्कि वे उत्तर प्रदेश और सरोजनीनगर की विकास यात्रा को समझने, प्रश्न करने और भविष्य के निर्माण में योगदान देने वाली पीढ़ी हैं। युवाओं की ऊर्जा, उनके विचार और उनके सपने ही विकसित भारत की वास्तविक शक्ति हैं। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि अपने प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और अपने क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों को भी समझें। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा, जानकारी और प्रश्न करने की प्रवृत्ति ही एक जागरूक समाज की नींव है। जो पीढ़ी अपने अतीत को जानती है, वर्तमान की चुनौतियों को समझती है और भविष्य के लिए बड़े सपने देखती है, वही राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाती है।

प्रतियोगिता के प्रथम चरण का आयोजन प्रतिभागी विद्यालयों के परिसरों में किया गया। इस चरण में चयनित विद्यार्थी 12 दिसंबर 2026 को एसकेडी एकेडमी में आयोजित होने वाले द्वितीय चरण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आकर्षक पुरस्कार राशि भी निर्धारित की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रत्येक चयनित प्रतिभागी को 2 हजार रुपये दिए जाएंगे।

डॉ. राजेश्वर सिंह का मानना है कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करने योग्य बनाना नहीं, बल्कि विचारवान, आत्मविश्वासी और उत्तरदायी नागरिकों का निर्माण करना भी है। सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी विरासत पर गर्व करने, अपनी बौद्धिक क्षमता को परखने और अपने क्षेत्र की संभावनाओं को पहचानने का अवसर मिलेगा। हमारा प्रयास है कि सरोजनीनगर का युवा केवल अपने क्षेत्र की पहचान न बने, बल्कि अपने क्षेत्र की पहचान, उपलब्धियों और विकास की कहानी को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाला प्रतिनिधि भी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *