लखनऊ कारीगर की उंगलियों से विश्व बाजार तक ओ डी ओ पी ने उत्तर प्रदेश के हुनर को दिलाया सम्मान, पहचान और रोजगार : डा. राजेश्वर सिंह

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

1.31 लाख से अधिक कारीगरों को निःशुल्क प्रशिक्षण, टूलकिट और ₹200 प्रतिदिन मानदेय — यह योजना नहीं, पीढ़ियों के हुनर का सम्मान है : डा. राजेश्वर सिंह

लखनऊ। सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डा. राजेश्वर सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी नेतृत्व में 2018 में शुरू हुई ‘एक जनपद–एक उत्पाद’ (ODOP) योजना ने उत्तर प्रदेश के उस हुनर को फिर से जीवित किया है, जो पीढ़ियों से हमारे घरों, गलियों और कस्बों में सांस लेता रहा, पर जिसे लंबे समय तक न बाजार मिला, न सम्मान।

डा. सिंह ने कहा, “जब लखनऊ की किसी गली में एक मां चिकनकारी का धागा पिरोती है, जब बनारस का बुनकर रात-रात भर करघे पर साड़ी बुनता है, जब भदोही का कारीगर कालीन की हर गांठ में अपनी मेहनत बांधता है और फिरोजाबाद की भट्टियों में चूड़ियां आकार लेती हैं — तो वह सिर्फ एक उत्पाद नहीं बनाता, वह उत्तर प्रदेश की आत्मा को आकार देता है। ODOP ने इसी आत्मा को दुनिया के बाजार तक पहुंचाया है।”

जब हुनर को मिला बाजार, तो प्रदेश ने रचा इतिहास

डा. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 2016-17 में उत्तर प्रदेश का निर्यात लगभग ₹84,283 करोड़ था, जो वित्त वर्ष 2025-26 में पहली बार ₹2.01 लाख करोड़ के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया — दोगुने से भी अधिक। ODOP उत्पादों का निर्यात 2017 के ₹58,000 करोड़ से बढ़कर ₹93,000 करोड़ के पार पहुंच चुका है, और प्रदेश के कुल निर्यात में लगभग आधा योगदान ODOP उत्पादों और स्थानीय MSMEs का है।

“ये आंकड़े केवल अर्थव्यवस्था के नहीं हैं,” डा. सिंह ने कहा, “इनके पीछे लाखों परिवारों की रसोई का चूल्हा है, बच्चों की फीस है, बेटियों की शादी के सपने हैं और उस कारीगर का आत्मसम्मान है जिसे कभी अपना हुनर छोड़कर शहरों में मजदूरी के लिए पलायन करना पड़ता था।”

कारीगर के हाथ में हुनर भी, हिम्मत भी

डा. सिंह ने कहा कि ODOP के अंतर्गत 1.31 लाख से अधिक कारीगरों को ₹200 प्रतिदिन मानदेय के साथ निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया गया है और ₹20,000 तक की आधुनिक टूलकिट उपलब्ध कराई गई है। मार्जिन मनी योजना के तहत ₹4,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिसमें नया कारोबार शुरू करने या पुराने को बढ़ाने के लिए परियोजना लागत पर 25% तक, अधिकतम ₹20 लाख तक की सब्सिडी दी जाती है।

“पहले कारीगर के पास हुनर था, पर पूंजी नहीं थी; मेहनत थी, पर बाजार नहीं था। आज सरकार उसके साथ खड़ी है — प्रशिक्षण से लेकर औजार तक, और बैंक ऋण से लेकर वैश्विक खरीदार तक,” डा. सिंह ने कहा।

GI टैग में देश में पहला स्थान — हमारी विरासत पर दुनिया की मुहर

डा. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 79 GI-टैग उत्पादों के साथ उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है, और लगभग 152 और उत्पादों को GI टैग दिलाने की दिशा में काम चल रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में BRICS देशों को उत्तर प्रदेश से $5.36 अरब से अधिक का निर्यात हुआ।

“GI टैग का अर्थ है कि दुनिया मान रही है — यह कला, यह स्वाद, यह शिल्प केवल उत्तर प्रदेश का है। यह हमारी विरासत पर विश्व की मुहर है।”

उत्तर प्रदेश का मॉडल, देश की राह

डा. सिंह ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का ODOP मॉडल ‘Districts as Export Hubs’ के रूप में पूरे देश में अपनाया जा रहा है और मार्च 2026 तक देश के 590 जिलों के Export Action Plans तैयार हो चुके हैं। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को नई शक्ति दे रहा है।

लखनऊ की चिकनकारी — हमारा गौरव, हमारी जिम्मेदारी

डा. राजेश्वर सिंह ने कहा कि लखनऊ की चिकनकारी केवल कढ़ाई नहीं, नवाबी तहज़ीब और हजारों बहनों-बेटियों के स्वावलंबन की कहानी है। उन्होंने लखनऊ और सरोजनीनगर के कारीगरों, विशेषकर महिला कारीगरों से आह्वान किया कि वे ODOP के प्रशिक्षण, टूलकिट और मार्जिन मनी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं, और कहा कि इसके लिए उनका कार्यालय हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।

डा. सिंह ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे त्योहारों, उपहारों और दैनिक जीवन में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। “जब हम बनारसी साड़ी, भदोही का कालीन या लखनऊ की चिकनकारी खरीदते हैं, तो हम सिर्फ एक वस्तु नहीं खरीदते — हम किसी कारीगर के घर में उम्मीद का दीया जलाते हैं।”

उन्होंने कहा, “यही नया उत्तर प्रदेश है — जो अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आर्थिक सामर्थ्य में और स्थानीय हुनर को वैश्विक पहचान में बदल रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *