यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी, लखनऊ में आयोजित 92वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को प्रशिक्षु सिविल सेवा अधिकारियों ने नगर निगम लखनऊ की विभिन्न महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का अध्ययन किया।
इस क्रम में प्रशिक्षु अधिकारियों के एक दल ने शिवरी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का भ्रमण कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्यप्रणाली एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दल में 61 प्रशिक्षु अधिकारी शामिल रहे।
वहीं, दूसरे दल ने लालबाग स्थित लखनऊ स्मार्ट सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का भ्रमण किया। इस दौरान 58 प्रशिक्षु अधिकारियों ने कमांड कंट्रोल सेंटर की कार्यप्रणाली एवं स्मार्ट सिटी से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को शहरी प्रशासन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्मार्ट सिटी की आधुनिक व्यवस्थाओं से परिचित कराना है। दोनों स्थलों के भ्रमण के माध्यम से अधिकारियों को नगर निगम द्वारा संचालित शहरी प्रबंधन की व्यवस्थाओं को समझने का अवसर मिला।