यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
180 तारा शक्ति केंद्रों से मातृशक्ति को आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार और संगठन की ताकत – डॉ. राजेश्वर सिंह
19 हजार से अधिक पत्रों के जरिए जनसमस्याओं को शासन तक पहुंचाया, सरोजनीनगर में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार – डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। रविवार को जेपी लॉन, गौरी विहार, कानपुर रोड में आयोजित शक्ति केंद्र चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों, पार्टी पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति की सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान 163 मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल एवं प्रमाणपत्र वितरित किए गए। जनसंवाद में क्षेत्रवासियों की समस्याओं से संबंधित 60 आवेदन प्राप्त हुए।
कार्यक्रम में भजन सम्राट श्री धर्मेंद्र कुमार पांडेय जी की विशेष उपस्थिति रही। उनकी भक्तिमय भजन प्रस्तुतियों ने आयोजन में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बनाया। इस अवसर पर मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम जुड़वाने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया गया।
सरोजनीनगर में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक तकनीक से जोड़ना प्राथमिकता रही है। सरोजनीनगर के प्रत्येक स्कूल, इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज में कंप्यूटर शिक्षा की व्यवस्था की गई है। पिछले पांच वर्षों में 2,000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को कंप्यूटर एवं साइकिल देकर सम्मानित किया गया है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य बच्चों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करता है।
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को जितना सशक्त बनाएंगे, देश उतना ही सशक्त होगा। सरोजनीनगर में चार केंद्रों से शुरू हुई तारा शक्ति की यात्रा आज 180 केंद्रों तक पहुंच चुकी है। ये केंद्र महिलाओं को रोजगार के अवसरों, सरकारी योजनाओं की जानकारी, सामूहिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।
सरोजनीनगर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले पौने पांच वर्षों में जनसमस्याओं के समाधान के लिए शासन एवं विभिन्न विभागों को 19,000 से अधिक पत्र लिखे गए हैं। इनमें सड़क एवं नाली से संबंधित 3,900 पत्र शामिल हैं, जिनके माध्यम से 2,153 सड़कों एवं नालियों पर कार्य हुआ है। क्षेत्र में 2,000 से अधिक सड़कों के कार्य, स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लगभग 2,000 जरूरतमंदों को करीब ₹27 करोड़ की सहायता तथा नए अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से विकास को गति मिली है।