राजस्थान सिरोही अति रुद्र महायज्ञ एवं भगवान द्वारिकाधीश की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पहुंचे महामंडलेश्वर अवधेशानंद महराज

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

सिरोही (राजस्थान), 29 नवम्बर 2026 वैदिक मन्त्रों की पावन ध्वनि, मांगलिक अनुष्ठानों और सन्त-महात्माओं के दिव्य सान्निध्य के मध्य सिरोही जनपद के वीर झाड़ोली स्थित “वोवेश्वर महादेव मन्दिर मठ” में आयोजित “अतिरुद्र महायज्ञ एवं भगवान श्रीद्वारिकाधीश जी की प्राण-प्रतिष्ठा” के पुण्य अवसर पर श्रीमत्परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ अनन्तश्रीविभूषित जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर पूज्यपाद गुरुदेव श्री स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज ‘पूज्य आचार्यश्री’ का मंगलमय आगमन हुआ।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में “पूज्य आचार्यश्री” ने सनातन धर्म के पुनरुत्थान, संरक्षण एवं संवर्धन में भगवत्पाद भाष्यकार भगवान आदि शंकराचार्य के अतुलनीय योगदान का सारगर्भित विवेचन किया। उन्होंने कहा कि भगवत्पाद ने वैदिक ज्ञानपरम्परा को प्रतिष्ठित करते हुए भारत की आध्यात्मिक चेतना को जागृत किया तथा सांस्कृतिक एकात्मता को सुदृढ़ आधार प्रदान किया।

“पूज्य आचार्यश्री” ने देश की चारों दिशाओं में स्थापित चार आम्नाय पीठों की व्यवस्था, चारधाम की पावन तीर्थपरम्परा तथा द्वादश ज्योतिर्लिंगों की आध्यात्मिक महिमा का उल्लेख किया। उन्होंने सनातन धर्म की सुदृढ़ता एवं वैदिक परम्परा की निरन्तरता में आम्नाय व्यवस्था के महत्त्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भगवत्पाद के प्रयासों ने भारत की धर्मचेतना को नई दिशा दी। यह परम्परा आज भी देश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक एकता की प्रेरणास्रोत है।

पूज्य श्री स्वामी रूपपुरी जी महाराज के स्नेहिल आमंत्रण पर पधारे “पूज्य आचार्यश्री” ने उनके द्वारा धर्म, अध्यात्म एवं समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे विविध रचनात्मक और लोककल्याणकारी कार्यों की मुक्तकण्ठ से सराहना की। उन्होंने धार्मिक परम्पराओं के संरक्षण तथा जनकल्याण के प्रति उनकी समर्पित सेवाओं को सराहा।

इस गरिमामय आयोजन में द्वारकापीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य श्रीमत्परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ अनन्तश्रीविभूषित पूज्यपाद श्री सदानन्द सरस्वती जी महाराज तथा श्रृंगेरीपीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य श्रीमत्परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ अनन्तश्रीविभूषित पूज्यपाद श्री विधुशेखर भारती जी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। पूज्य धर्माचार्यों की उपस्थिति ने इस पुण्य अनुष्ठान की आध्यात्मिक गरिमा को विशिष्टता प्रदान की। उपाचार्य, गोकर्णपीठाधीश्वर परम पूज्य श्री स्वामी कपिल पुरी जी महाराज, महामण्डलेश्वर पूज्य श्री स्वामी अपूर्वानन्द गिरि जी महाराज, श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के श्रीमहन्त उमाशंकर भारती जी महाराज, पूज्य श्री स्वामी महेशपुरी जी महाराज, पूज्य श्री स्वामी केदारपुरी जी महाराज तथा अखिल भारतीय हेमशाही पीठाधीश्वर हेमशाही जागीर मठ कवला के पूज्य श्री हरिपुरी जी महाराज की विशिष्ट उपस्थिति रही।

“अतिरुद्र महायज्ञ” की वैदिक मन्त्रध्वनि और भगवान श्रीद्वारिकाधीश जी की प्राण-प्रतिष्ठा के मांगलिक अनुष्ठानों से सम्पूर्ण परिसर भक्तिभाव से ओतप्रोत रहा। सन्त-महात्माओं के सान्निध्य एवं आशीर्वचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, साधना और सेवा की प्रेरणा प्राप्त हुई।

इस पुण्य अवसर पर वीर झाड़ोली सहित सिरोही एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर अनुष्ठानों में सहभागिता की और धर्मलाभ प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *