यूपी लाइव न्यूज 24 प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक बिल्डर श्रीकांत का अपहरण कर लिया गया था. पुलिस ने उन्हें चितकोहरा पुल के नीचे से चार पहिया वाहन सहित सकुशल बरामद कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है. घटना के पीछे 50 लाख रुपये के लेनदेन से जुड़ा विवाद सामने आया है.रविवार सुबह करीब 8:00 बजे एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में अपहरण की सूचना पुलिस को मिली. पीड़ित की पहचान श्रीकांत के रूप में हुई है, जो पटना के हनुमान नगर के निवासी हैं और दिल्ली में रियल एस्टेट का व्यवसाय करते हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और श्रीकांत को ढूंढ़ने के लिए अभियान शुरू किया.लगातार छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 2:00 बजे पुलिस ने श्रीकांत को चितकोहरा पुल के नीचे वाले इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया. इस दौरान पुलिस की कई टीमों ने मिलकर शहरी क्षेत्र में खोजबीन की और तकनीकी संसाधनों की मदद से अपहरणकर्ताओं तक पहुंच बनाई.पुलिस जांच में सामने आया है कि यह अपहरण 50 लाख रुपये के लेनदेन विवाद से जुड़ा हुआ था. बताया गया है कि श्रीकांत के भाई से किसी आर्थिक लेनदेन को लेकर यह विवाद चल रहा था. हालांकि, आश्चर्यजनक बात यह रही कि खुद श्रीकांत ने पुलिस को अपहरण की कोई जानकारी नहीं दी. आशंका है कि उनके परिजनों या सहयोगियों ने पुलिस को सूचना दी थी.