सीएम सम्राट चौधरी ने डी एम एस पी को दिया अल्टीमेटम, बोले- दो महीने में दिखाइए रिजल्ट, दस से दो ऑफिस में बैठिए

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी

 मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक समाप्त हो गई. इस बैठक में उद्योग, अपराध नियंत्रण और जनता सेवा को लेकर व्यापक चर्चा हुई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निर्देश दिया कि हर जिले में इंडस्ट्री हब विकसित किया जाए. दूसरे राज्यों से आने वाले उद्योगपतियों को सुरक्षा और हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि निवेशकों के साथ एक-एक पदाधिकारी को जोड़ा जाए, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और निवेश का माहौल बेहतर बने.

बैठक में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि जघन्य अपराधों में तत्काल कार्रवाई हो. खासकर बच्चियों के खिलाफ होने वाले अपराधों में आरोपी की जल्द गिरफ्तारी, चार्जशीट और कड़ी सजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. डायल 112 को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीएम और एसपी को रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कार्यालय में बैठकर जनता की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने को कहा. उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिले.

सीएम ने अपने 27 वर्षों के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि सही सोच वाले डीएम और एसपी जिले की 75% समस्याओं को खुद खत्म कर सकते हैं. उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और परिणाम देने की नसीहत दी.

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अधिकारियों से अपनी क्षमता का पूरा उपयोग करने को कहा. वहीं डीजीपी विनय कुमार ने निर्देश दिया कि आदतन अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए और कोर्ट में मजबूत पैरवी कर उनकी जमानत रुकवाई जाए.

डीजी ऑपरेशन कुंदन कृष्णन ने बताया कि राज्य में पुलिस बल की कमी को दूर करने के लिए लगातार बहाली की जा रही है और आने वाले समय में बड़े पैमाने पर नियुक्तियां होंगी.

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो महीने के भीतर बेहतर परिणाम देने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता विकास के साथ-साथ मजबूत कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *