बड़े मंगल पर ‘जीरो वेस्ट भंडारा’ का आह्वान—नगर आयुक्त गौरव कुमार की अपील

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

बड़े मंगल पर नगर निगम की व्यापक तैयारी: स्वच्छता, सुविधा और पेयजल के लिए भंडारों की पूर्व सूचना अनिवार्य

400 वर्ष पुरानी परंपरा को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास

लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले बड़े मंगल के अवसर पर शहरवासियों और भंडारा आयोजकों से “जीरो वेस्ट बड़ा मंगल भंडारा” आयोजित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लखनऊ की यह परंपरा 400 वर्षों से अधिक पुरानी है, जो सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस वर्ष इसे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के साथ जोड़कर और भी आदर्श बनाया जा सकता है।

*पर्यावरण अनुकूल भंडारे से बढ़ेगी सांस्कृतिक गरिमा*
नगर आयुक्त ने कहा कि चिलचिलाती गर्मी में लगने वाले इन भंडारों में लाखों श्रद्धालु प्रसाद और जल ग्रहण करते हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि आयोजन पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल हों। उन्होंने आयोजकों से अनुरोध किया कि प्लास्टिक और थर्माकोल के उपयोग से बचें तथा पत्तलों और मिट्टी के कुल्हड़ों का प्रयोग करें, जिससे परंपरा के साथ-साथ प्रकृति का भी संरक्षण हो सके।

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के निर्देश पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि जो भी लोग भंडारे का आयोजन करें, वे उसकी जानकारी कम से कम 24 घंटे पहले नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 1533 पर अवश्य दें।

*अब ऐप और कॉल दोनों माध्यमों से करा सकते हैं पंजीकरण*
भंडारे की सूचना लखनऊ वन ऐप ऐप के स्वच्छ जीरो वेस्ट ऑप्शन में जाकर न्यू रिक्वेस्ट पर क्लिक करके भी दी जा सकती है। इससे न केवल सफाई और कचरा प्रबंधन में सहयोग मिलेगा, बल्कि जलकल विभाग द्वारा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी आपके भंडारे स्थल पर की जाएगी। पंजीकरण कराने वाले आयोजकों को प्राथमिकता के आधार पर यह सुविधा दी जाएगी।

*ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण अनिवार्य*
श्री गौरव कुमार ने निर्देश दिया कि भंडारों में लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। ध्वनि स्तर पर्यावरण मंत्रालय द्वारा तय सीमा के भीतर रखा जाए और लाउडस्पीकर केवल निर्धारित समय तक ही बजाए जाएं, ताकि आमजन को असुविधा न हो और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रित रहे।

*कचरा प्रबंधन में दिखे जिम्मेदारी*
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि “जीरो वेस्ट भंडारा” के लिए कचरा प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयोजकों से कहा कि भंडारा स्थलों पर पर्याप्त संख्या में गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए जाएं। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी श्रद्धालु भोजन के बाद कूड़ा इधर-उधर न फेंके, बल्कि निर्धारित स्थान पर ही डाले।

*स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी*
उन्होंने भंडारा आयोजकों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने के निर्देश दिए। प्रत्येक स्वयंसेवक की पहचान स्पष्ट हो और उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएं। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को कतार में व्यवस्थित रखें, प्रसाद वितरण में सहयोग करें और स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक करें।

*जागरूकता संदेशों से बदलेगी सोच*
नगर आयुक्त ने सुझाव दिया कि भंडारा स्थलों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाए जाएं, जिनमें स्वच्छता और जिम्मेदारी का संदेश हो। “हनुमान जी की सच्ची भक्ति स्वच्छता में है” और “उतना ही लें थाली में, जो न जाए नाली में” जैसे संदेश लोगों को प्रेरित करेंगे और भोजन की बर्बादी को भी रोकेंगे।

*जागरूकता, निरीक्षण और प्रतियोगिता से होगा सुधार*
श्री गौरव कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा क्षेत्रवार जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आयोजकों को इन दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा सके। इसके साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। भंडारों के दौरान निरीक्षण भी किया जाएगा और नियमों का पालन न करने पर चेतावनी दी जाएगी। शहर के विभिन्न जोनों में “आदर्श भंडारा” प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

*स्वच्छ लखनऊ के लिए सामूहिक जिम्मेदारी*
नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी मिलकर “जीरो वेस्ट बड़ा मंगल भंडारा” की अवधारणा को अपनाते हैं, तो लखनऊ को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

*हेल्पलाइन नंबर जारी*
नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता संबंधी किसी भी समस्या के लिए नगर निगम के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें—
टोल-फ्री नंबर: 1533
मोबाइल नंबर: 9219902911, 9219902912, 9219902913, 9219902914
जलकल कंट्रोल रूम: 8177054100, 8177054010, 8177054003
लखनऊ स्वच्छता अभियान (जोन 1, 3, 4, 6, 7): 18001234999
लायन एनवायरो (जोन 2, 5, 8): 18002026172

*नगर आयुक्त की अपील:*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कहा:
“लखनऊ को स्वच्छ, सुरक्षित और Zero Waste City बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। जहां भी भंडारा हो रहा हो, उसकी पूर्व सूचना अवश्य दें। नगर निगम आपकी सेवा में तत्पर है और हम हर सुख-दुख में आपके साथ हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *