यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– 30 अप्रैल तक ऑनलाइन भुगतान पर अधिकतम छूट, मई से घटेगी रियायत
– गुरुवार रात 08 बजे तक खुले रहेंगे नगर निगम के आठों जोन के कैश काउंटर
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने गृहकर जमा करने वाले नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। ऑनलाइन माध्यम से गृहकर जमा करने पर मिलने वाली 10 प्रतिशत छूट का लाभ उठाने के लिए 30 अप्रैल अंतिम दिन है। इसके बाद 1 मई से 31 मई तक यह छूट घटाकर 8 प्रतिशत कर दी जाएगी। ऐसे में करदाताओं के लिए गुरूवार का दिन सबसे अधिक लाभकारी साबित हो सकता है, क्योंकि अधिकतम छूट केवल आज तक ही उपलब्ध है।
*ऑफलाइन भुगतान पर भी घटेगी छूट*
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह ने बताया कि ऑफलाइन माध्यम से गृहकर जमा करने पर मिलने वाली छूट में भी कटौती की जाएगी। वर्तमान में 8 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, जो 1 मई से घटकर 6 प्रतिशत रह जाएगी। इससे साफ है कि ऑनलाइन भुगतान न केवल सुविधाजनक है, बल्कि अधिक छूट का लाभ भी देता है। इसलिए नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे डिजिटल माध्यम अपनाकर समय और धन दोनों की बचत करें।
*सभी जोन में बढ़ाया गया काउंटर समय*
श्री अशोक सिंह ने बताया कि अंतिम दिन नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की है। शहर के सभी आठों जोनों में गृहकर जमा करने का समय 30 अप्रैल को बढ़ा दिया गया है। अब करदाता सुबह 10 बजे से लेकर रात 8 बजे तक काउंटर पर जाकर अपना टैक्स जमा कर सकते हैं। सभी जोनों में काउंटर देर शाम तक खुले रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
*ऑनलाइन भुगतान के लिए वेबसाइट उपलब्ध*
नगर निगम ने ऑनलाइन भुगतान की सुविधा को और सरल बनाते हुए नागरिकों को आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टैक्स जमा करने का विकल्प दिया है। करदाता घर बैठे ही वेबसाइट *lmc.up.nic.in* पर जाकर आसानी से गृहकर जमा कर सकते हैं। अंतिम दिन सर्वर पर अधिक लोड की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते भुगतान कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।