यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
शिवगढ़ (रायबरेली)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के मसापुर मजरे दहिगवां निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक युवक मंगलवार को लखनऊ गया हुआ था, जहां उसने किसी के घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना का वीडियो भी शिवगढ़ पुलिस के पास मौजूद बताया जा रहा है। जहर खाने के बाद वहां मौजूद लोगों ने युवक को बेहोशी की हालत में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज कराया गया। परिजनों का कहना है कि करीब दो से तीन घण्टे तक इलाज चलने के बाद युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अनिल पाठक निवासी मसापुर मजरे दहिगांवा के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर परिजन लखनऊ पहुंचे और शव को लेकर वापस मसापुर स्थित घर आ गए। जिसके बाद शिवगढ़ पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची शिवगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि युवक की मौत लखनऊ में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की जांच की जा रही है।