स्कूलों के जलकर एवं सीवर कर आपत्तियों का एक सप्ताह में निस्तारण होगा, महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– नगर आयुक्त गौरव कुमार की मौजूदगी में अधिकारियों को दिए गए निर्देश, पुनरीक्षण के बाद संशोधित वार्षिक मूल्य प्रतिदिन अपडेट करने के आदेश

लखनऊ शहर के स्कूलों एवं कॉलेजों से वसूले जा रहे जलकर एवं सीवर कर से संबंधित प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण को लेकर सोमवार को महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह सहित सभी जोनल अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में माननीय महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्कूलों और कॉलेजों से संबंधित सभी आपत्तियों की सुनवाई एवं पुनरीक्षण की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूर्ण की जाए। साथ ही नए कर निर्धारण के बाद वार्षिक मूल्य में जो भी संशोधन हो, उसे तत्काल अपडेट किया जाए।

नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे शिक्षण संस्थानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि कर निर्धारण से जुड़े मामलों में समन्वय बनाकर कार्य करें तथा प्राप्त शिकायतों एवं आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *