महापौर सुषमा खर्कवाल ने जोन-1 की समन्वय बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा की, 15 जून तक नाला-नाली सफाई और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– पार्षदों और अधिकारियों के साथ समन्वय व समीक्षा बैठक में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर

लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के मद्देनजर नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के साथ जोन-1 की समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, नाला-नाली सफाई, अतिक्रमण हटाने, राजस्व वसूली, विद्यालयों में विकास कार्यों तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जोन-1 के पार्षद/पार्षद दल उपनेता भाजपा श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’, पार्षद/पार्षद दल नेता सपा श्री कामरान बेग, पार्षद श्री सफीकुर्रहमान ‘चचा’, श्री यावर हुसैन ‘रेशु’, श्री मुकेश सिंह ‘मोंटी’, श्री आशीष सिंह ‘हितैषी’ तथा नामित पार्षद श्री रूप चंद्र अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*15 जून तक नालों और नालियों की सफाई पूरी करने के निर्देश*

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने बरसात से पूर्व नाला एवं नाली सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 जून तक सभी नालों और नालियों की शत-प्रतिशत सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी एलएसए (LSA) की होगी और इस संबंध में दोबारा कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए।

*वार्डवार सफाई की नियमित निगरानी करने के निर्देश*

महापौर ने कहा कि वार्ड मैनेजर संबंधित पार्षदों से समन्वय बनाकर प्रतिदिन सफाई कार्यों की निगरानी करें और जहां आवश्यकता हो वहां तत्काल सफाई कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 15 जून तक जोन में कहीं भी गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए।

*बरसात से पहले कूड़ा उठाने वाले वाहनों के रखरखाव पर जोर*

महापौर ने निर्देश दिए कि जोन में उपलब्ध नौ कूड़ा उठाने वाले वाहनों का समय रहते रखरखाव कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान भारी मात्रा में कूड़ा उठाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

*अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और सड़क किनारे कब्जों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश*

महापौर ने इंजीनियरिंग विभाग से जोन में अतिक्रमण की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने लालबाग क्षेत्र में सड़कों पर खड़े वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर चालान करने तथा उन्हें हटाने के निर्देश दिए। साथ ही लालकुआं चौराहे पर सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

*सड़क किनारे लगने वाले ठेलों की व्यवस्था पर मांगी रिपोर्ट*

महापौर ने सड़क किनारे लगने वाले ठेलों और अस्थायी अतिक्रमणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी तथा यातायात बाधित करने वाले स्थलों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

*कर संबंधी आपत्तियों का निस्तारण कर राजस्व वसूली बढ़ाने पर जोर*

महापौर ने निर्देश दिए कि विद्यालयों से संबंधित कर मामलों में प्राप्त आपत्तियों का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा जिन संस्थानों को कोई आपत्ति नहीं है उनसे कर जमा कराने के लिए संपर्क स्थापित किया जाए।

*6 जून को होगी अगली समीक्षा बैठक*

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 6 जून तक विद्युत व्यवस्था, अतिक्रमण की स्थिति और विद्यालयों से संबंधित कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक में सभी बिंदुओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। साथ ही सभी पार्षदों से जनहित के कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

*बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद*

बैठक में अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता (सिविल) श्री महेश वर्मा, महाप्रबंधक जलकल श्री कुलदीप सिंह, जोनल अधिकारी श्री ओ.पी. सिंह, अधिशासी अभियंता जोन-1 श्री अतुल मिश्रा, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री कुलदीपक सहित एसएफआई, जेई एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *