राजीव गांधी प्रथम वार्ड की जन चौपाल में गूंजीं जनसमस्याएं, महापौर सुषमा खर्कवाल ने मौके पर सुनीं शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के वार्ड चौपाल अभियान के तहत सोमवार को जोन-4 के राजीव गांधी प्रथम वार्ड में मलिक टिंबर के सामने स्थित पार्क में आयोजित जन चौपाल में स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के समक्ष रखा। चौपाल की अध्यक्षता स्वयं महापौर ने की तथा अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

*विनय, विराट, विनीत, विजय और विवेक खंड के निवासियों ने रखीं समस्याएं*

चौपाल में विनय खंड, विराट खंड, विनीत खंड, विजय खंड एवं विवेक खंड के निवासियों ने पेड़ों की कटाई-छंटाई, नाले-नालियों की सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान तथा पार्कों के रखरखाव से संबंधित शिकायतें प्रमुखता से उठाईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर नियमित सफाई एवं कूड़ा संग्रहण न होने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

*जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: महापौर*

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

*डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की शिकायतों पर विशेष संज्ञान*

चौपाल के दौरान डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की शिकायतों पर महापौर ने विशेष संज्ञान लिया। उन्होंने शिकायतकर्ताओं के पते मौके पर ही कार्यदायी संस्था लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) के प्रतिनिधियों को नोट कराने के निर्देश दिए। साथ ही एलएसए अधिकारियों को जांच कर यह रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा कि संबंधित क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण वाहन क्यों नहीं पहुंच रहे हैं और समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

*जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी*

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद श्री संजय सिंह राठौर, अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, मुख्य लेखा अधिकारी श्री महामिलिंद लाल, चीफ इंजीनियर आरआर श्री मनोज प्रभात, जोनल अधिकारी जोन-4 श्रीमती शिल्पा कुमारी, अधिशासी अभियंता जोन 4 श्री अतुल मिश्रा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

*नागरिकों से सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रही वार्ड चौपाल*

महापौर ने कहा कि वार्ड चौपाल का उद्देश्य नगर निगम और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि क्षेत्रीय समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौपाल में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उसकी नियमित समीक्षा भी की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *