यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– जोनल सेनेटरी ऑफिसर और सेनेटरी एंड फूड इंस्पेक्टरों के साथ की पहली औपचारिक बैठक, प्रतिदिन फील्ड निरीक्षण के दिए निर्देश
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री आशीष कुमार सिंह जी ने शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में समस्त जोनल सेनेटरी ऑफिसर (ZSO) एवं सेनेटरी एंड फूड इंस्पेक्टर (SFI) के साथ औपचारिक बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा अपने दायित्वों के प्रति पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान शहर की सफाई व्यवस्था, जलभराव, संचारी रोग नियंत्रण, फॉगिंग, नाला-नाली संबंधी समस्याओं और जन शिकायतों के निस्तारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
*जलभराव के चिन्हित स्थानों की ली जानकारी, विशेष निगरानी के निर्देश*
बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री आशीष कुमार सिंह जी ने सर्वप्रथम शहर में जलभराव के चिन्हित स्थानों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा बारिश के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों से कहा गया कि फील्ड स्तर पर स्थिति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सूचनाएं समय से उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाएं।
*बिना ठोस कारण अनुपस्थित रहने वालों को जारी होगी चेतावनी*
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य के प्रति जवाबदेही पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना किसी ठोस एवं उचित कारण के अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध चेतावनी जारी की जाए। साथ ही अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
*ZSO और SFI प्रतिदिन करेंगे फील्ड निरीक्षण*
बैठक में सभी जोनल सेनेटरी ऑफिसर एवं सेनेटरी एंड फूड इंस्पेक्टरों को प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन कार्यालय में बैठकर नहीं, बल्कि नियमित स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से किया जाए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर कराया जाए और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
*संचारी रोग अभियान में तेजी, हॉटस्पॉट पर प्रतिदिन कार्रवाई*
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में प्रतिदिन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों की अद्यतन स्थिति एवं की गई कार्रवाई की रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि अभियान की प्रभावी निगरानी की जा सके।
*बड़े नालों की समस्याओं पर संबंधित विभागों से होगा पत्राचार*
बैठक में बड़े नालों से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो नाले स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्षेत्र से संबंधित नहीं हैं, उनके संबंध में संबंधित विभाग को समय से पत्राचार किया जाए। यदि कहीं नाले खुले हैं अथवा उनसे किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न हो रही है तो उसकी सूचना अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
*अधिकारियों की समस्याएं सुनीं, समाधान का दिया भरोसा*
बैठक के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने जोनल सेनेटरी ऑफिसर एवं सेनेटरी एंड फूड इंस्पेक्टरों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। उन्होंने फील्ड स्तर पर कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की और संबंधित समस्याओं के उचित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
*कार्यदायी संस्थाओं के साथ एक सप्ताह के भीतर होगी बैठक*
शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के साथ आगामी एक सप्ताह के भीतर बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यदायी संस्थाओं की जिम्मेदारी एवं जवाबदेही स्पष्ट रूप से तय की जाएगी।
*सभी जोनों में नियमित फॉगिंग कराने के निर्देश*
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने समस्त जोनों में आवश्यकता के अनुरूप नियमित रूप से फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फॉगिंग कार्य में यदि मशीन, ईंधन अथवा अन्य संसाधनों से संबंधित कोई समस्या आ रही है तो संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर उसका तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि अभियान प्रभावित न हो।
*कार्यदायी संस्थाएं स्वयं सुनिश्चित करें आवश्यक संसाधन*
बैठक में निर्देश दिए गए कि समस्त कार्यदायी संस्थाएं अपने स्तर से सफाई एवं अन्य संबंधित कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। संसाधनों की कमी के कारण कार्य प्रभावित होने की स्थिति स्वीकार्य नहीं होगी। अधिकारियों से कहा गया कि इस संबंध में नियमित निगरानी रखते हुए कमियों को समय से दूर कराया जाए।
*हर माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण हो*
नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री आशीष कुमार सिंह जी ने निर्देश दिए कि किसी भी माध्यम से प्राप्त होने वाली सफाई, जलभराव, फॉगिंग अथवा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायतों का शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायत पर की गई कार्रवाई एवं निस्तारण की स्थिति से संबंधित वार रूम को अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए।