लखनऊ उत्तर प्रदेश जन भवन के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी के माध्यम से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आदर्शों, विचारों तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
प्रभात फेरी को विशेष कार्याधिकारी, राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने जन भवन पोर्टिको से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
प्रभात फेरी जन भवन पोर्टिको से प्रारंभ होकर गेट नंबर-2, बंदरिया बाग चौराहा, लोरेटो तथा एनेक्सी भवन होते हुए गेट नंबर-8 से पुनः जन भवन परिसर में प्रवेश कर पोर्टिको पर पहुंची, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री के अमर संदेशों और आदर्शों का स्मरण करते हुए जय घोष करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
प्रभात फेरी के दौरान “महात्मा गांधी अमर रहें”, “लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें” तथा स्वच्छता एवं राष्ट्रहित से संबंधित नारे लगाए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता, अनुशासन, सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विधि परामर्शी, राज्यपाल श्री सुनील वर्मा, परिसहाय मेजर गरिमा यादव सहित जन भवन के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *