सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट में लखनऊ नगर निगम के कार्यों की पूर्व मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार सिंह ने की सराहना

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– पूर्व मुख्य सचिव व स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ ने शिवरी सॉलिड वेस्ट प्लांट का किया निरीक्षण, विजिटर बुक में दर्ज की प्रशंसा

लखनऊ। पूर्व मुख्य सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, उत्तर प्रदेश शासन श्री मनोज कुमार सिंह ने सोमवार को शिवरी में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस मौके पर स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, उत्तर प्रदेश शासन के निदेशक डॉ. ए.के. गुप्ता भी उपस्थित रहे। इस दौरान नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, श्री संजीव प्रधान तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री जितेंद्र वर्मा ने शहर में ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर किए जा रहे कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। प्रस्तुतीकरण के बाद श्री सिंह ने किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

*फ्रेश वेस्ट, कंपोस्ट और ग्रेन्यूल प्लांट का किया निरीक्षण*
निरीक्षण के दौरान श्री मनोज कुमार सिंह ने फ्रेश वेस्ट जैविक प्लांट, कंपोस्ट प्लांट और कंपोस्ट से ग्रेन्यूल तैयार करने वाले प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और उससे उपयोगी उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी ली।

उन्होंने प्लांट की लैब का भी निरीक्षण किया और वहां इस्तेमाल किए जा रहे विभिन्न उपकरणों तथा उनकी कार्यप्रणाली के बारे में अधिकारियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

*नारियल कचरे से उपयोगी उत्पाद तैयार करने की पहल की सराहना*
निरीक्षण के दौरान कोकोनट यूनिट की कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई। नारियल कचरे से उपयोगी उत्पाद तैयार करने और इसे पर्यावरण के अनुकूल मॉडल के रूप में विकसित किए जाने की श्री मनोज कुमार सिंह ने सराहना की।

*आईओटी आधारित व्यवस्था को बताया सराहनीय*
श्री मनोज कुमार सिंह ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था में इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) आधारित सिस्टम के इस्तेमाल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से कार्यों की निगरानी और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इन व्यवस्थाओं को आगे भी लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018-19 में नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव रहते हुए उन्होंने इस साइट का निरीक्षण किया था। उस समय प्लांट की स्थिति काफी खराब थी, जबकि पिछले दो-तीन वर्षों में इसमें बड़ा बदलाव हुआ है।

*विजिटर बुक में लिखा- अब अनुकरणीय मॉडल के रूप में विकसित हुई शिवरी साइट*
निरीक्षण के बाद श्री मनोज कुमार सिंह ने विजिटर बुक में अपने अनुभव दर्ज करते हुए लिखा कि पिछले दो-तीन वर्षों में साइट का पूरी तरह कायाकल्प हुआ है। वर्ष 2018-19 में जब उन्होंने इसका निरीक्षण किया था, तब प्लांट की स्थिति काफी खराब थी। अब इसे अनुकरणीय मॉडल के रूप में विकसित किया गया है।

उन्होंने अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव और भूमि ग्रीन के श्री कमलेश सिंह के नेतृत्व में पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि किए गए कार्यों को इसी तरह आगे भी जारी रखा जाए।

*सीएंडडी वेस्ट से तैयार बाय-प्रोडक्ट की भी ली जानकारी*
निरीक्षण के दौरान निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के प्रबंधन की जानकारी भी ली गई। अधिकारियों ने सीएंडडी वेस्ट से तैयार किए जा रहे विभिन्न बाय-प्रोडक्ट और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कचरे के निस्तारण के साथ-साथ उससे उपयोगी उत्पाद तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे कचरे का बेहतर प्रबंधन होने के साथ संसाधनों के पुनः उपयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *