चाय पर चर्चा में उमड़ा जनविश्वास, डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनी नगर की जनता से किया सीधा संवाद, विकास कार्यों पर चर्चा

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

कानून-व्यवस्था में यूपी प्रथम, निवेश और रोजगार के भरपूर अवसर

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोमवार को क्षेत्र के दो वार्डों में ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएँ सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। दोनों कार्यक्रमों में कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पहले कार्यक्रम में 38 और दूसरे में 41 आवेदन शामिल हैं। मौके पर निस्तारित हो सकने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे गए।

पहला कार्यक्रम वार्ड संख्या-2, शारदा नगर द्वितीय के अंतर्गत सभाखेड़ा, कल्ली पश्चिम में पार्षद श्रीमती द्रौपदी रावत एवं श्री मनोज रावत के आवास पर आयोजित हुआ। वहीं, दूसरा कार्यक्रम वार्ड संख्या-19, शारदा नगर प्रथम के अंतर्गत रतनखंड में जलाशय पार्क के निकट पार्षद श्री हिमांशु अम्बेडकर के आवास पर संपन्न हुआ। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और सड़क, नाली, बिजली सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएँ एवं सुझाव विधायक के समक्ष रखे।

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पिछले लगभग पाँच वर्षों में सरोजनीनगर की जनसमस्याओं के समाधान और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर अब तक 19 हजार से अधिक पत्राचार एवं संवाद किए गए हैं। नगर निगम के माध्यम से दो हजार से अधिक सड़कों और नालियों के निर्माण तथा डूडा, सूडा एवं लखनऊ विकास प्राधिकरण के सहयोग से कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

शिक्षा और युवाओं के सशक्तीकरण पर जोर

शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि क्षेत्र के 70 विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की गई है। दो हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल एवं कंप्यूटर प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरोजनीनगर के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।

कानून-व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर सरकार की उपलब्धियाँ बताईं

अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियाँ प्रदान की गई हैं।

कानून-व्यवस्था पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपित लोगों का राजनीतिक प्रभाव देखने को मिलता था, लेकिन वर्तमान सरकार में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि अपराधियों से 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियाँ मुक्त कराई गई हैं। प्रदेश में पुलिस और अपराधियों के बीच 17 हजार से अधिक मुठभेड़ हुईं, जिनमें 34 हजार से अधिक अपराधी घायल हुए और 300 अपराधियों की मृत्यु हुई।

उन्होंने विपक्ष के चुनाव संबंधी रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर प्रक्रिया को सही और हार मिलने पर गलत बताना दोहरे मापदंड को दर्शाता है।

जनभागीदारी से विकास को गति देने का संकल्प

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर का विकास केवल सड़क और नाली निर्माण तक सीमित नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर नागरिक सुविधाएँ भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनना, उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना और विकास कार्यों में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि जनसंवाद के माध्यम से प्राप्त सुझाव क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने और विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और सरोजनीनगर का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *