मंडी में बेतरतीब आड़े-तिरछे खड़े ट्रैक्टर ट्रालियों के कारण स्कूल वाहनों के पहिए थमे

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

कोंच। धान की बंपर आवक और गल्ला मंडी में बेतरतीब आड़े-तिरछे खड़े ट्रैक्टर ट्रालियों के कारण स्कूल वाहनों के पहिए थम से गए हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि विद्यार्थी कैसे अपने स्कूलों तक पहुंच पाएं। सोमवार सुबह कस्बे के नदीगांव रोड स्थित गल्ला मंडी में धान की भारी आवक के चलते ट्रैक्टरों की भीड़ लग गई। मंडी परिसर में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पहुंचने और उन्हें आड़े-तिरछे खड़ा कर देने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसका खामियाजा मंडी परिसर में स्थित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। रास्ते पर घंटों तक ट्रैक्टर खड़े रहने से बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गल्ला मंडी में धान बेचने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर पहुंच रहे हैं। इसके चलते मंडी परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई चालक अपने वाहन सड़क पर ही आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं, जिससे रास्ता संकरा हो जाता है और दूसरे वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में विद्यालय आने वाले बच्चों और अभिभावकों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। वहीं विद्यालय के वाहन भी रास्ता बाधित होने के कारण अंदर तक नहीं आ पा रहा है। इससे छात्र छात्राओं की पढ़ाई और विद्यालय की दैनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

*कई बार शिकायत की लेकिन नतीजा सिफर ही रहा: अर्चना*

_*कोंच।* सरस्वती बालिका विद्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अर्चना वर्मा ने बताया कि मंडी में ट्रैक्टरों की भीड़ के कारण छात्राओं को भारी परेशानी हो रही है। छात्राएं अपने निजी वाहनों से विद्यालय नहीं पहुंच पा रही हैं। इस समस्या से कई बार मंडी सचिव और मंडी चौकी इंचार्ज को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मंडी में वाहनों की पार्किंग और आवागमन की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि किसानों के साथ-साथ विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *